बीकानेर (मुकेश रामावत): पैतृक संपत्ति हड़पने के लिए प्रताड़ना और मारपीट के आरोपों के बीच सुरेश कुमार की मौत का मामला फिर सुर्खियों में है। 22 मई 2026 को बीदासर बारी स्थित किराए के मकान में सुरेश की संदिग्ध मौत के बाद अब कोर्ट के आदेश पर कोटगेट थाना पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज किया है। परिवाद के मुताबिक, सुरेश की शादी 25-26 साल पहले चन्द्रकान्ता से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी पीहर पक्ष के दबाव में थी। ससुराल पक्ष पर लगातार मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न, संपत्ति पर कब्जे का दबाव बनाने और आर्थिक शोषण के आरोप लगे हैं। शिकायत में कहा गया कि दबाव में सुरेश से पैतृक संपत्ति का बंटवारा-विक्रय कराया गया और पत्नी के नाम गंगाशहर रोड पर नई संपत्ति खरीदी गई, जिसका भुगतान भी उसी से कराया गया। 18 मई 2026 को बीदासर बारी स्थित परमेश्वर सोनी के घर बुलाकर कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में मारपीट की गई। गंभीर हालत में पीबीएम के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि प्रताड़ना से तंग आकर उठाया गया कदम है। पोस्टमार्टम के समय हत्या का केस दर्ज करने की मांग की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कोटगेट थाने और एसपी को शिकायत देने के बाद भी सुनवाई न होने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट में परिवाद दिया गया। अब कोर्ट के आदेश पर कोटगेट पुलिस ने बीएनएस की धारा 108, 61(2), 115(2), 126(2), 131, 351(2), 318(2), 316(3) व 316(5) सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।