बीकानेर (मुकेश रामावत): वार्ड नंबर 48 में सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई है। सीवरेज डिस्पोजल का लेवल सही नहीं होने से गलियों में हर दिन गंदा पानी भर जाता है और लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। वार्ड प्रतिनिधि सुभाष स्वामी के नेतृत्व में वार्डवासियों ने बीडीए उपायुक्त का घेराव कर नाराजगी जताई। स्वामी ने बीडीए आयुक्त को बताया कि वार्ड में दो सीवरेज डिस्पोजल हैं, लेकिन दोनों का लेवल खराब है। इसी वजह से सीवरेज आए दिन चोक हो जाती है और गंदा पानी गलियों में भरकर बहने लगता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत पर निगम की गाड़ी आकर अस्थाई सफाई करके चली जाती है, लेकिन समस्या जस की तस बनी रहती है। इसके अलावा नरसिंह सागर तालाब और तिरुपति अपार्टमेंट के पास बारिश का पानी जमा हो जाता है, जिससे राहगीर और वार्डवासी परेशान हो रहे हैं।
वार्डवासियों ने सीवरेज और बारिश के पानी निकासी की स्थाई व्यवस्था की मांग की है। सुभाष स्वामी ने बताया कि बीडीए उपायुक्त ने उनकी बात सुनकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस नासूर का स्थाई इलाज करता है