जयपुर: सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित इंडोर हॉल में 4 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जयपुर मेट्रो द्वितीय फेज का वर्चुअल शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। इस अवसर पर जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का भी आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न विभागों के नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में 5664 नवनियुक्त कार्मिकों को पंजीकरण उपरांत नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगें। जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। यातायात संचालन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, भीड़ नियंत्रण तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, बैकअप जनरेटर, इंटरनेट एवं संचार व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला कलक्टर ने अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) राजीव द्विवेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल कविया एवं जयपुर मेट्रो के निदेशक (कंपनी मामलात) महेश बुराडिया को सह नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी करेंगें 4 जुलाई को जयपुर मेट्रो फेज-2 का वर्चुअल शिलान्यास
By -
June 30, 2026
0
Tags: