बीकानेर (मुकेश रामावत): मानसून के मद्देनजर शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों के लिए सख्त सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने 28 जून तक जर्जर विद्यालय भवन खाली करने, बैरिकेडिंग करने और जरूरत पड़ने पर ध्वस्तीकरण के आदेश दिए हैं।
*अब यहां नहीं लगेगी क्लास: असुरक्षित भवनों, खुले स्थान, झोपड़ी या पेड़ के नीचे कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी।
* जांच के निर्देश: स्कूलों में छतों, पानी निकासी, पेयजल, शौचालय और जलभराव की स्थिति जांचकर तत्काल सुधार करना होगा।
* आपदा से बचाव की तैयारी: विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने, निकटतम अस्पताल, पुलिस व अग्निशमन केंद्र की सूची तैयार रखने और प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की रिपोर्ट तुरंत राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद को भेजने को कहा गया है।
शिक्षा निदेशक ने संभाग, जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को स्कूलों का रैंडम निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेने और सभी सुरक्षा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।