पावटा (राहुल शर्मा): राजकीय उप जिला चिकित्सालय पावटा के तत्वावधान में रविवार को चलाए गए पल्स पोलियो अभियान को बड़ी सफलता मिली। एक ही दिन में 28 बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के 964 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
*सुबह 8 से शाम 5 बजे तक चला अभियान*
पल्स पोलियो प्रभारी डॉ.संतोष कुमार वर्मा के नेतृत्व में यह अभियान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलाया गया। अभियान की निगरानी के लिए तीन सुपरवाइजर दयाराम यादव नर्सिंग ऑफिसर, सतनारायण गॉड नर्सिंग ऑफिसर और पहलाद आर्य नर्सिंग ऑफिसर को जिम्मेदारी दी गई थी।
*पीएमओ ने किया औचक निरीक्षण*
राजकीय उप जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ.रवि कुमार बंसल ने समस्त 28 बूथों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी अपने-अपने बूथों पर मुस्तैदी से ड्यूटी पर उपस्थित पाए गए। डॉ.बंसल ने सभी कर्मचारियों के कार्य की सराहना की।
*आज घर-घर दस्तक देंगी टीमें*
पीएमओ डॉ.रवि कुमार बंसल ने बताया कि बूथ पर पोलियो खुराक से वंचित रह गए बच्चों को कवर करने के लिए सोमवार, 29 जून 2026 को सभी टीमें घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलवायें। अभियान को सफल बनाने में राजकीय उप जिला चिकित्सालय के समस्त चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ और एएनएम का विशेष सहयोग रहा।