बानसूर (ईशाक खान): राजस्थान मेघवाल समाज संस्था की ओर से शनिवार को बानसूर में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 250 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष रतनलाल सुठवाल एवं प्रदेश सचिव सुनील रागेरा ने बताया कि समाज के होनहार विद्यार्थियों, युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उनमें सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने शिक्षा को समाज की उन्नति का सबसे मजबूत आधार बताते हुए युवाओं से उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने समाज में एकता, संगठन और शिक्षा के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जागरूकता से ही समाज निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ सकता है। कार्यक्रम के दौरान सम्मानित प्रतिभाओं एवं उनके अभिभावकों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिक, युवा, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
मेघवाल समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में 250 से अधिक प्रतिभाएं सम्मानित
By -
June 20, 2026
0
Tags: