रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर श्री रघुनाथ बिश्नोई मैमोरियल स्पोर्ट्स एकेडमी एवं महाविद्यालय, रानीवाड़ा तथा जालोर जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में 'हरित ओलंपिक दिवस' मनाया गया। कार्यक्रम के तहत 2036 ओलंपिक मेजबानी के भारत के सपने को प्रतीकात्मक रूप से समर्थन देते हुए 2036 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। संरक्षक नरेन्द्र कुमार बिश्नोई, एकेडमी अध्यक्ष रोहित बिश्नोई एवं जालोर जिला ओलंपिक संघ के महासचिव लाल सिंह सांखला ने बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ.पी.टी. उषा के 'ओलंपिक फॉरेस्ट' अभियान से प्रेरित होकर यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत ग्रीन रन, फुटबॉल प्रतियोगिता, रन फॉर ओलंपिक रेस तथा खेल-पर्यावरण-संस्कार कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस दौरान खिलाड़ियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
नरेन्द्र बिश्नोई ने कहा कि पौधारोपण भविष्य की पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है। रोहित बिश्नोई ने खेल के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि लाल सिंह सांखला ने खेल और पर्यावरण संरक्षण को समान रूप से महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में एकेडमी सचिव विश्राम मीणा, कोषाध्यक्ष नैनाराम, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ.एस.के. ऊबा, गणपत वाघेला, मुस्ताक खान, श्याम पुरोहित, कौशल्या, प्रकाश, शैतानाराम, सतीश, अशोक, महान, कीर्ति जोशी, इन्द्रदास सहित स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।