जयपुर/कोटा (श्रीराम इंदौरिया): वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित पीटीईटी 2026 की परीक्षा में जयपुर क्षेत्रीय केंद्र पर एक कमाण्ड सेंटर बनाया गया है, जो राज्य के संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेगा। विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रोफेसर बीएल वर्मा ने शनिवार शाम को कमाण्ड सेंटर का अवलोकन किया व सभी तैयारियों की समीक्षा की। कुलगुरु प्रोफेसर वर्मा ने बताया कि परीक्षा के दौरान एआई सॉफ्टवेयर की मदद से संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर भी निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में एक लाख 26 हजार 600 परीक्षार्थी राज्य के 300 परीक्षा केंद्रों पर अपनी क़िस्मत आजमायेंगे। सभी 41 ज़िलों में परीक्षा का आयोजन 14 जून 2026, रविवार को किया जा रहा है। जयपुर में कमांड सेंटर के अलावा कोटा से भी केन्द्रों की निगरानी की जा रही है। नक़ल और अन्य अवांछनीय गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन के अधिकारी लगातार सक्रिय हैं। सभी जिलों में विशेष उड़ाका दल गठित किए गए हैं, जो केन्द्रों पर छापामारी करेंगे। परीक्षा केन्द्रों पर सुबह 7.30 बजे से एंट्री दी जाएगी और 8.30 बजे के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। बायोमैट्रिक मशीन से परीक्षार्थी को अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी तभी प्रवेश मिलेगा। प्रोफेसर वर्मा ने बताया कि राज्य सरकार परीक्षा को लेकर काफ़ी सतर्कता बरत रही है और विश्वविद्यालय प्रशासन भी पूरी शुचिता व पारदर्शिता के साथ परीक्षा आयोजित करने के लिए कमर कस चुका है।
3/related/default