हरियालो रानीवाड़ा सीजन-2 के तहत 5000 पौधे लगाएगा प्रभाकर सेवा संस्थान

AYUSH ANTIMA
By -
0


रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से प्रभाकर सेवा संस्थान द्वारा संचालित 'हरियालो रानीवाड़ा सीजन-2' अभियान के तहत शुक्रवार को राजस्थान पुलिस सेवा में नवचयनित राजपुरोहित समाज की होनहार बेटी ज्योति राजपुरोहित (पाली) के मुख्य आतिथ्य में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का पौधारोपण किया गया। संस्थान के संस्थापक अमृत पुरोहित ने बताया कि गत वर्ष हरियालो रानीवाड़ा सीजन-1 के अंतर्गत 2100 पौधे सफलतापूर्वक लगाए गए थे। इस वर्ष अभियान का विस्तार करते हुए 5000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान रानीवाड़ा क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों, मनरेगा श्रमिकों एवं आमजन को फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
अमृत पुरोहित ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं उनकी नियमित देखभाल से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित वातावरण प्रदान किया जा सकता है। मुख्य अतिथि ज्योति राजपुरोहित ने प्रभाकर सेवा संस्थान द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं और इनके संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रह सकता है।
राजस्थान पुलिस सेवा में चयन के बाद प्रथम बार रानीवाड़ा आगमन पर प्रभाकर सेवा संस्थान की ओर से ज्योति राजपुरोहित का साफा पहनाकर तथा श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मान किया गया। संस्थान ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर केराराम चौधरी, भंवरलाल गोयल, पारस गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं संस्थान के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!