19 सूत्री मांगों को लेकर सहायक कर्मचारियों ने किया भूख हड़ताल प्रदर्शन

AYUSH ANTIMA
By -
0



जयपुर: अपनी 19 सूत्रीय मांगों को लेकर सैकड़ों सहायक कर्मचारियों ने राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री के नेतृत्व में गुरुवार, 18 जून को राजधानी जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर सैकड़ों कर्मचारियों ने भूख हड़ताल कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में जयपुर केंद्र के समान वेतनमान देने और 9, 18 व 27 वर्ष की सेवा पर पदोन्नति पद का वेतनमान देने, 53 हजार रिक्त पदों पर प्रक्रियाधीन भर्ती को शीघ्र पूरा करने, वर्दी भत्ता का नकद भुगतान करने और आवास सुविधा उपलब्ध करवाने इत्यादि मांगें प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन मांगों को लेकर ही राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ की प्रदेश कार्यकारिणी ने राजधानी जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर 18 जून को उपवास रखकर राज्य सरकार का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। सहायक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह और प्रदेश महामंत्री लेखराज वर्मा ने बताया कि राज्य सरकार को 19 सूत्री मांग पत्र देकर विभिन्न मांगों को पूरा करने के लिए बार बार निवेदन किया जा रहा है लेकिन सरकार कर्मचारियों की मांगों को पूरी तरह अनसुना कर रही है, इसलिए विवश होकर सहायक कर्मचारी आंदोलन की राह पर उतर आए हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने कुछ दिनों पहले सहायक कर्मचारियों के वेतन में संशोधन किए लेकिन तब भी वार्ड बॉय सहित अन्य कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार करते हुए उनका वेतन लेवल 1 में ही रख दिया गया, जो किसी भी परिस्थिति मे स्वीकार्य नहीं। प्रदेश प्रवक्ता मोहन लाल मीणा ने बताया कि राजस्थान सरकार सहायक कर्मचारियों एवं समकक्ष संवर्गों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। जबकि एक तरफ तो मंत्रालयिक एवं अधीनस्थ सेवा के कर्मचारियों को 9, 18 एवं 27 वर्ष की सेवा पर चयनित वेतनमान के रूप में पदोन्नति पद का वेतनमान दे रही है, वहीं दूसरी तरफ सहायक कर्मचारी को इन सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। सरकार द्वारा ना तो वेतन वृद्धि की गई और ना ही केंद्र के समान भत्ते स्वीकृत किए गए। सहायक कर्मारियों के 53 हजार रिक्त पदों पर विगत 2 वर्ष से भर्ती प्रक्रियाधीन है लेकिन परिणाम जारी नहीं किया जा रहा। भूख हड़ताल धरना प्रदर्शन में वरिष्ठ कर्मचारी नेता चंद्रशेखर गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह शेखावत, प्रदेश महामंत्री लेखराज वर्मा, मोहन लाल मीणा, केदार लाल, गजेंद्र सिंह, राधेश्याम चौहान, मोहनलाल चौधरी, जय सिंह, लक्ष्मी नारायण विशनारीया, साधना रायवाल, अनिल चांवरिया, राजेंद्र राणा, जयपुर जिला अध्यक्ष मोहनलाल मीणा, जयपुर जिला महामंत्री राजेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष रामबाबू शर्मा, पुखराज सोनी, नवीन शुक्ला सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से पहुंचे कर्मचारी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान मंच का संचालन प्रदेश सलाहकार नवीन कुमार शुक्ला ने किया।

*मुख्य सचिव से मिला प्रतिनिधिमंडल*

राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ के एक दिवसीय भूख हड़ताल धरना प्रदर्शन पर बैठे सहायक कर्मचारियों की 19 सूत्री मांगों को लेकर पांच पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह और प्रदेश महामंत्री लेखराज वर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में सहायक कर्मचारियों की वेतन विसंगति दूर करवाने, 53 हज़ार रिक्त पदों पर प्रक्रियाधीन भर्ती को शीघ्र पूर्ण करवाने, वर्दी भत्ता बढावाने, उपार्जित अवकाश का भुगतान शीघ्र करवाने सहित 19 सूत्री मांग पत्र दिए गए। वहीं मुख्य सचिव ने सहायक कर्मचारियों की माँगों पर कार्मिक विभाग को बातचीत के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस मामले की डीओपी आगे आशीष शर्मा को भिजवा देंगे।

*सहायक कर्मचारियों की यह हैं 19 सूत्रीय मांगे*
1-वेतन विसंगति एवं एसीपी विसंगति दूर की जाए।
2–सहायक कर्मचारियों की नई भर्तियां शीघ्र भरी जाए। ठेका प्रथा एवं संविदा प्रथा समाप्त की जाए। 
3–योग्यताधारी सहायक कर्मचारियों को मंत्रालयिक संवर्ग में आरक्षित पदोन्नति कोटा बढ़ाया जाए।
4–वर्दी नकद भुगतान राशि बढ़ाया जाए।
5–केंद्र के सहायक कर्मचारियों के समान भत्ते देने तथा मिल रहे भत्तों में बढ़ोत्तरी की जाए। 
6–आवास सुविधा दिलाई जाए। 
7–स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने पर कर्मचारी के वारिस को नौकरी दी जाए।
8–गजट नोटिफिकेशन एवं परिपत्र द्वारा जारी असमानता के चलते वसूली की जाए।
9–छठे वेतनमान के वेतनमान एस (3) ग्रेड पे 1650 रुपए में अधिकतम 9090 मूल वेतन पर पहुंचे कर्मचारियों से की जा रही वसूली रोकी जाए।
10–केन्द्र की तर्ज पर कार्यरत सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को एमटीएस घोषित करते हुए संबंधित सेवा नियमों में आवश्यक संशोधन शीघ्र किया जाए एवं रिक्त पदों पर शीघ्र भर्तियां शुरू की जाए।
11– चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को राज्य सेवा में पांच एसीपी का लाभ दिया जाए।
12– सहायक कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समस्त प्रकार के परिलाभों का भुगतान तुरंत प्रभाव से किया जाए।
13–विभिन्न सहायक कर्मचारियों को विभिन्न विभागों में स्वीकृत पदों पर समायोजित कर नियमित घोषित किया जाए।
14– मानदेय पर रखे गए सभी कर्मचारियों को नियमित घोषित किया जाए।
15– आरजीएचएस योजना को पुनः बहाल करते हुए सम्पूर्ण जांच एवं समस्त प्रकार की दवाइयां उपलब्ध करवाई जाए।
16– सभी विभागों में एकल पदों पर पदोन्नति लाभ दिया जाए।
17– सहायक कर्मचारियों को ड्राइवर पदों पर 10 प्रतिशत कोटा आरक्षित कर पदोन्नति के अवसर दिए जाए।
18– तुरन्त प्रभाव से समर्पित अवकाश का भुगतान किया जाए।
19– राजस्थान के वार्ड बॉय, हेल्पर, बेलदार, दफ्तरी, रिकॉर्ड लिफ्टर, धोबी, रसोइया, नाई, मोची, बुक बाइंडर सहित अन्य समकक्ष पदों का सहायक कर्मचारियों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को देय वेतन के अनुसार ही वेतन निर्धारण किया जाए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!