बहरोड़ (संदीप भारद्वाज): थाना बहरोड़ पुलिस ने झूठी रिपोर्ट देकर मुकदमा दर्ज कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने ऐसे 18 लोगों के विरुद्ध धारा 217, 248 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 18 इस्तगासे न्यायालय में पेश किए हैं। सभी मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह आईपीएस ने बताया कि झूठी रिपोर्ट पेश करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराना सुरेश कुमार खींची आरपीएस के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त बहरोड़ सचिन शर्मा आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी बहरोड़ अंकित सामरिया उ.नि. के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी अंकित सामरिया ने बताया कि थाना स्तर पर इस्तगासा व तहरीरी रिपोर्ट के जरिए झूठे मुकदमे दर्ज कराने वाले 18 व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ धारा 217, 248 बीएनएस में इस्तगासे तैयार कर न्यायालय में पेश किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि झूठे मुकदमों से पुलिस का समय व संसाधन बर्बाद होते हैं और निर्दोष लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे लोगों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।