जयपुर: राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जयपुर जिले में 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक शहरी सेवा शिविर-2026 आयोजित किए जा रहे हैं। जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, मोबाइल टावर एनओसी, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पट्टों, उपविभाजन- पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, लीज मुक्त प्रमाण पत्र सहित विभिन्न लंबित प्रकरणों का भी मौके पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविरों के दौरान शहरों में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, पैचवर्क, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, नालियों एवं सीवर लाइनों की मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा आवारा पशुओं को पकड़ने जैसी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिविरों में विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं के आवेदन प्राप्त कर स्वीकृतियां जारी की जा रही हैं। साथ ही पेंशन योजनाओं, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, पीएम स्वनिधि, जनधन, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य योजनाओं का लाभ भी पात्र व्यक्तियों को मिल रहा है। जिला कलक्टर ने बताया कि शिविरों में आमजन की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, ई-मित्र सुविधा, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, बैठने, पेयजल, बिजली एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शिविरों के सफल संचालन हेतु जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।
*18 जून को यहां आयोजित होंगे शहरी सेवा शिविर*
18 जून को नगर पालिका बगरू के वार्ड 7 एवं 8, नगर पालिका बस्सी के वार्ड 7 एवं 8, नगर पालिका चाकसू के वार्ड 1 से 35, नगर परिषद चौमूं के वार्ड 1, 2, 40, 41, 42, 43, 44 एवं 45, नगर पालिका दूदू के वार्ड 7 एवं 8, नगर पालिका जमवारामगढ़ के वार्ड 6 से 10, जोबनेर में वार्ड 4 के अम्बेडकर भवन में, कालाडेरा में वार्ड 4 में नगर पालिका कार्यालय में, नगर पालिका कानोता में वार्ड 4, खेजरोली में वार्ड 7 एवं 8 में नगर पालिका कार्यालय में, नगर पालिका किशनगढ़-रेनवाल में वार्ड 32 एवं 33 के सामुदायिक भवन में, नगर पालिका परिसर मनोहरपुर में वार्ड 7 एवं 8, नरायना में वार्ड 7 एवं 8 में नगर पालिका कार्यालय परिसर में, फागी परिसर में वार्ड 4 में नगर पालिका कार्यालय में, नगर पालिका फुलेरा में वार्ड 4 एवं 5 सामुदायिक भवन में, सांभर लेक में वार्ड 20 कार्यालय नगर पालिका में, शाहपुरा में वार्ड 16, 17, 47 एवं 48 के कार्यालय नगर परिषद भवन में तथा वार्ड 4, 5 एवं 6 के सामुदायिक केन्द्र वाटिका में शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।