जयपुर: राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री के नेतृत्व में गुरुवार 18 जून को राजधानी जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर हजारों कर्मचारी उपवास पर बैठेंगे। केंद्र के समान वेतनमान देने और 9, 18 व 27 वर्ष की सेवा पर पदोन्नति पद का वेतनमान देने, 53 हजार रिक्त पदों पर प्रक्रियाधीन भर्ती को शीघ्र पूरा करने, वर्दी भत्ता का नकद भुगतान करने, आवास सुविधा उपलब्ध करवाने इत्यादि माँगों को लेकर राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ की प्रदेश कार्यकारिणी राजधानी जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर 18 जून को उपवास के जरिए राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगी। सहायक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह और प्रदेश महामंत्री लेखराज वर्मा ने बताया कि राज्य सरकार को 19 सूत्री मांग पत्र देकर विभिन्न मांगों को पूरा करने के लिए बार बार निवेदन किया जा रहा है लेकिन सरकार कर्मचारियों की मांगों को पूरी तरह अनसुना कर रही है, इसलिए विवश होकर सहायक कर्मचारी आंदोलन की राह पर उतर आए हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने कुछ दिनों पहले सहायक कर्मचारियों के वेतन में संशोधन किए लेकिन तब भी वार्ड बॉय सहित अन्य कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार करते हुए उनका वेतन लेवल 1 में ही रख दिया गया, जो किसी भी परिस्थिति मे स्वीकार्य नहीं। प्रदेश प्रवक्ता मोहन लाल मीणा ने बताया कि राजस्थान सरकार सहायक कर्मचारियों एवं समकक्ष संवर्गों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। जबकि एक तरफ तो मंत्रालयिक एवं अधीनस्थ सेवा के कर्मचारियों को 9, 18 एवं 27 वर्ष की सेवा पर चयनित वेतनमान के रूप में पदोन्नति पद का वेतनमान दे रही है, वहीं दूसरी तरफ सहायक कर्मचारी को इन सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। सरकार द्वारा ना तो वेतन वृद्धि की गई और ना ही केंद्र के समान भत्ते स्वीकृत किए गए। सहायक कर्मारियों के 53 हजार रिक्त पदों पर विगत 2 वर्ष से भर्ती प्रक्रियाधीन है लेकिन परिणाम जारी नहीं किया जा रहा। इस प्रकार 19 सूत्री मांग पत्र को लेकर प्रदेश के सहायक कर्मचारी आंदोलन की राह पर हैं। इनमें मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह शेखावत, प्रदेश महामंत्री लेखराज वर्मा, जयपुर जिला अध्यक्ष मोहनलाल मीणा, जयपुर जिला महामंत्री राजेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष रामबाबू शर्मा सहित पुखराज सोनी, नवीन शुक्ला व अन्य उपस्थित रहे।
3/related/default