15 जून से पहले पूरी हों मानसून तैयारियां: आमजन को नहीं हो परेशानी: कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): आगामी मानसून को देखते हुए जिले में सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपखंड अधिकारी, नगर निकाय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी जुड़े। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर डॉ.गर्ग ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में प्रशासन की व्यवस्थाएं पूरी तरह माकूल रहनी चाहिए तथा आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी विभाग अभी से समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि पूर्व तैयारियां जितनी बेहतर होंगी, संभावित समस्याओं से उतनी ही प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा। कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को नगर पालिकाओं एवं नगर निकायों द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत, जाम नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा अन्य आवश्यक कार्यों को 15 जून से पूर्व अतिरिक्त संसाधन लगाकर पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने नालों की सफाई से संबंधित टेंडर, वर्क ऑर्डर एवं कार्य प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में हर घर से कचरा संग्रहण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए तथा मानसून से पहले शहरों और कस्बों में साफ-सफाई के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। डॉ.गर्ग ने निचले क्षेत्रों एवं जलभराव संभावित बस्तियों की विशेष निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि उपखंड अधिकारी स्वयं ऐसे क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का आकलन करें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्थाओं की अग्रिम तैयारी रखें। उन्होंने मोटर पंप, पाइप, पंपसेट सहित जल निकासी के लिए आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए पर्याप्त दवाओं का स्टॉक बनाए रखने, चिकित्सा दलों को तैयार रखने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। वहीं आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए गोताखोरों की व्यवस्था रखने तथा प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला परिषद सीईओ पुरुषोत्तम धानका, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, झुंझुनूं उपखंड अधिकारी कौशल्या बिश्नोई, एसीईओ रामनिवास चौधरी, तहसीलदार महेंद्र मूंड, सीएमएचओ डॉ.छोटेलाल गुर्जर, पीएमओ डॉ.जितेंद्र भांभू, जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, डीएसओ डॉ.निकिता राठौड़, एवीवीएनएल अधीक्षण अभियंता महेश टीबड़ा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ.राजेंद्र लंबा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेश मील सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मानसून से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी कर ली जाएं ताकि जिले में किसी भी प्रकार की आपदा अथवा जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रशासन प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई कर सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!