झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): नगर परिषद के रजिस्ट्रार जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन अरुण जाखड़ ने बताया कि पहचान पोर्टल से डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सीधे व्हाट्सएप पर प्राप्त होने के बाद पूरी तरह वैध हैं। ऐसे प्रमाण पत्रों को अस्पताल, बैंक, स्कूल एवं अन्य संस्थानों द्वारा स्वीकार किया जाना चाहिए। पहचान पोर्टल के माध्यम से जारी डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र संबंधित व्यक्ति के व्हाट्सएप नंबर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नियमानुसार लाभार्थी इस डिजिटल प्रति का प्रिंट निकालकर कहीं भी उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी संस्था को प्रमाण पत्र की प्रामाणिकता पर संदेह हो तो वह प्रमाण पत्र पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन कर अथवा पहचान पोर्टल पर जाकर उसकी सत्यता की जांच कर सकती है। डिजिटल प्रमाण पत्र पूरी तरह मान्य एवं प्रमाणिक हैं। जाखड़ ने कहा कि पहले आमजन को डिजिटल प्रति प्राप्त होने के बाद भी उसे नगर परिषद से दोबारा प्रमाणित कराने के लिए कार्यालय आना पड़ता था, जिससे समय और श्रम की परेशानी होती थी। अब घर बैठे ही प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, जिससे नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि नगर परिषद की कोशिश रहती है कि आवेदन प्राप्त होने के दिन ही प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाए। वहीं ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का निस्तारण कर अधिकतम तीन दिनों के भीतर प्रमाण पत्र जारी कर दिए जाते हैं। इससे जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बन गई है।
व्हाट्सएप पर प्राप्त जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र भी मान्य, दोबारा सत्यापन की आवश्यकता नहीं
By -
June 03, 2026
0
Tags: