बीकानेर (मुकेश रामावत): केंद्रीय कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए। शुक्रवार सुबह जेल परिसर में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित जर्दे के पाउच मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह सुरक्षा जांच के दौरान स्टाफ को टेप से लिपटे कई पैकेट मिले। तलाशी में गणेश ब्रांड जर्दे के 156 पाउच बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तड़के करीब 4 बजे अज्ञात व्यक्ति ने बाहरी दीवार से पैकेट अंदर फेंके। सीसीटीवी फुटेज में पैकेट सुरक्षा टावर के पास गिरते दिखे, जबकि वहां सुरक्षा बलों की तैनाती रहती है। इससे मिलीभगत या लापरवाही की आशंका गहरा गई है। जेल प्रशासन ने पुलिस में मामला दर्ज कराया और आंतरिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारी पता लगा रहे हैं कि प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के पीछे कौन है। गौरतलब है कि केंद्रीय कारागार में पहले भी मोबाइल, तंबाकू जैसी प्रतिबंधित चीजें पहुंचाने के प्रयास हो चुके हैं। ताजा घटना ने जेल की सुरक्षा पर फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बीकानेर सेंट्रल जेल में सुरक्षा में सेंध: दीवार से फेंके 156 जर्दा पाउच, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
By -
June 27, 2026
0
Tags: