जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉक्टर टी शुभमंगला के निर्देश पर आज अतिरिक्त आयुक्त खाद्य सुरक्षा भगवत सिंह चारण के नेतृत्व में केंद्रीय दल एवं सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए गोल्यावास, गिर्राज नगर (मानसरोवर विस्तार) स्थित मैसर्स आइकर्ट पर 1300 किलो खाद्य सामग्री सीज की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ.मनीष मित्तल ने बताया कि टीम द्वारा उक्त फर्म के विभिन्न गोदामों का निरीक्षण किया गया, जिसमें ग्रोसरी गोदाम में दाल एवं चावल के कट्टों पर पैकिंग दिनांक अंकित नहीं थी, जिन्हें पिकअप में लोड कर बाजार में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। अतिरिक्त आयुक्त महोदय के निर्देश पर पिकअप से इन कट्टों को उतरवाकर उनमें से मौके से मसूर दाल एवं चावल का एक एक नमूना लेकर 22 कट्टे सीज करते हुए बिना एक्सपायरी अंकित खाद्य सामग्री को नहीं बेचने हेतु पाबंद किया गया।
एक्सपायरी पाए गए 450 किलो आटा एवं दाल को नष्ट करवाया गया। फल सब्जी सेक्शन जहां से ऑनलाइन ऑर्डर पर फल एवं सब्जी सप्लाई की जा रही थी। इस कोल्ड रूम में स्टाफ ने बिना शू कवर के जूते चप्पल पहने हुए काम कर रहे थे। यहाँ अत्यधिक गंदगी पाई गई। सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी। फल एवं सब्जियां फर्श पर रखी हुई थी।
होटल रेस्टोरेंट सामग्री के गोदाम में टीन शेड में अत्यधिक तापमान में नॉन डेयरी क्रीम, म्योनीज, केचअप, सॉस आदि को बिना पैलेट के फर्श पर रखा गया था जो नियमों का उल्लंघन है। मौके से नॉन डेयरी क्रीम के दो नमूने लेकर जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक 500 मिलीलीटर की 950 बोतल के 24 कार्टन सीज किए गए।
कन्फेक्शनरी गोदाम में भारी मात्रा में बाजार से रिटर्न हुआ एक्सपायरी माल रखा हुआ था, जिसे तुरंत प्रभाव से निस्तारित करने हेतु पाबंद किया गया। मौके से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सात नमूने लिए गये लिए गए जिनकी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। फर्म के परिसर में पाई गई विभिन्न कमियों मध्य नजर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी कर फर्म के विरुद्ध अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, सुशील चोटवानी, विनोद थारवान, देवेंद्र राणावत, रमेश यादव, अमित शर्मा, लोकेश शर्मा, राजेश नागर शामिल रहे।