कोटपूतली-बहरोड़ (संदीप भारद्वाज): थाना बासदयाल पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में फरार चल रहे टॉप-10 के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। ये आरोपी मुख्य आरोपी के पास नाबालिग को जयपुर छोड़कर आने में मददगार बने थे। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह आईपीएस ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटपूतली नाजिम अली खान आरपीएस के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी बानसूर मेघा गोयल आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी कश्मीर सिंह उ.नि. के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
*घटना का विवरण*
27 फरवरी 2026 को परिवादी ने रिपोर्ट दी कि उसकी नाबालिग बेटी 25 फरवरी को मां के साथ गांव कराणा गई थी, जहां से वह घर वापस नहीं लौटी। इस पर थाना बासदयाल में मुकदमा संख्या 25/2026 धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर अपहृत नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर लिया। मुख्य आरोपी कबूलचन्द गुर्जर पुत्र सूरजाराम गुर्जर, निवासी नवलपुरा थाना बासदयाल को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
*तीन आरोपी गिरफ्तार*
25 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधरामदास जी मंदिर कराणा के पास चैनपुरा रोड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाकर मुख्य आरोपी के पास जयपुर छोड़ने में शामिल थे।
*गिरफ्तार आरोपी*
1. संतोष कुमार गुर्जर उर्फ सत्या पुत्र सुगनाराम गुर्जर, उम्र 27 साल, निवासी नवलपुरा तन बिलाली।
2. बन्टी गुर्जर पुत्र सुरेशचन्द गुर्जर उर्फ श्रीराम, उम्र 23 साल, निवासी नवलपुरा तन बिलाली।
3. हवासिंह गुर्जर पुत्र लीलाराम गुर्जर, उम्र 26 साल, निवासी नवलपुरा तन बिलाली।
4. पूर्व में गिरफ्तार मुख्य आरोपी कबूलचन्द गुर्जर, निवासी नवलपुरा।
एक अन्य आरोपी विकास गुर्जर उर्फ विक्का की तलाश जारी है।