राजकीय नवीन स्कूल में भामाशाह ताराचन्द गोयल, विम्मी गोयल ने किया बालिका प्रसाधन काॅम्पलेक्स व 10 केवी सोलर उर्जा संयंत्र का लोकार्पण

AYUSH ANTIMA
By -
0



तारानगर (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (नवीन), तारानगर में राजकीय विद्यालयों की पहली 10 किलोवाट सोलर परियोजना एवं बालिका प्रसाधन कॉम्प्लेक्स का भव्य लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। दोनों परियोजनाएँ विद्यालय के भामाशाह ताराचंद गोयल एवं विम्मी गोयल के सहयोग से साकार हुई हैं। समारोह शिक्षा, समाज और जनसहयोग के उत्कृष्ट समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा। समारोह के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता ताराचंद गोयल एवं विम्मी गोयल रहे। विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी देवकरण सिंह तेतरवाल थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बबलेश शर्मा ने की। विद्यालय के संस्था प्रधान डॉ.अशोक जांगिड (प्रधानाचार्य) ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल दो विकास कार्यों का लोकार्पण नहीं, बल्कि समाज और विद्यालय के बीच विश्वास, जनसहयोग एवं शिक्षा के प्रति समर्पण का उत्सव है। उन्होंने सोलर परियोजना को हरित ऊर्जा एवं डिजिटल शिक्षा का आधार तथा बालिका प्रसाधन कॉम्प्लेक्स को बेटियों की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान से जुडी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। मुख्य अतिथि ताराचंद गोयल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि समाज का उत्थान विकास कार्यों में अनावश्यक विवाद उत्पन्न करने से नहीं, बल्कि सकारात्मक सहयोग और सहभागिता से होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का अपनी मातृभूमि, समाज और शिक्षा के प्रति दायित्व है तथा समर्थ लोगों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढकर योगदान देना चाहिए। उन्होंने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (नवीन), तारानगर की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने अल्प समय में उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम का शैक्षणिक वातावरण विकसित किया है, जो अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी शैक्षणिक सत्र में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को उनकी ओर से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही विद्यालय के समग्र विकास में भविष्य में भी निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में छात्रा कंचन तथा छात्र रितिक एवं कार्तिक ने भामाशाह परिवार के सम्मान में भावपूर्ण थैंक्स नोट प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन सुशील एवं सुमनबाला ने किया। समारोह में नत्थूराम जांगिड, रामचन्द्र छाबडा, महावीर प्रसाद, लालचंद बरवाड़िया, जीवन सिंह राठौड, रामेश्वर लाल जांगिड, दुर्गादत्त चूयल, मोतीलाल व्यास, ओमप्रकाश जांगिड़, श्यामसुंदर सोमानी, किशन लाल जांगिड़, हरदेवा राम लखारा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक, एसडीएमसी एवं एसएमसी के सदस्य तथा बडी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह का समापन सभी अतिथियों, भामाशाह परिवार, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अभिभावकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने इसे जनसहयोग, सामाजिक सहभागिता, हरित ऊर्जा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी पहल बताया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!