कोटपूतली (ईशाक खान): राजकीय एलबीएस पीजी महाविद्यालय में मंगलवार को विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में धरना दिया। विद्यार्थियों का कहना था कि लंबे समय से उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने विशेष रूप से छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं तथा स्कूटी योजना से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाया। विद्यार्थियों का आरोप है कि महाविद्यालय स्कूटी वितरण योजना का नोडल कॉलेज होने के बावजूद पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संचालित नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि स्कूटी प्राप्ति रसीद, आरसी एवं इंश्योरेंस से संबंधित कार्यों के लिये महाविद्यालय की स्कूटी समिति द्वारा विद्यार्थियों को केवल एक विशेष ई-मित्र केंद्र पर भेजा जाता है। विद्यार्थियों के अनुसार उक्त ई-मित्र संचालक द्वारा विभिन्न कार्यों के नाम पर अनावश्यक शुल्क वसूला जाता है, जिससे छात्र-छात्राओं को आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि महाविद्यालय के स्कूटी वितरण कक्ष में बाकायदा इस ई-मित्र संचालक का संपर्क नंबर लिखकर लगाया गया है तथा विद्यार्थियों को वहीं भेजा जाता है। उनका कहना है कि स्कूटी प्राप्ति रसीद उपलब्ध करवाना महाविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके लिए भी विद्यार्थियों को निजी ई-मित्र केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। विद्यार्थियों ने मांग की कि इस व्यवस्था को तत्काल समाप्त कर स्कूटी वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं विद्यार्थी हितैषी बनाया जायें। इसके अलावा छात्रों की प्रमुख रही की सत्र प्रारंभ होने के 15 दिनों के भीतर सभी विद्यार्थियों के लाईब्रेरी कार्ड बनाए जायें, ताकि वे समय पर पुस्तकें प्राप्त कर अध्ययन कर सकें, महाविद्यालय की प्रत्येक विंग में आरओ युक्त शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जायें। विद्यार्थियों की सहायता हेतु महाविद्यालय में स्थायी पूछताछ (इंक्वायरी) काउंटर स्थापित किया जायें तथा छात्र एवं छात्राओं के लिये पृथक-पृथक स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित रूप से उपयोग योग्य शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जायें। धरने में शामिल विद्यार्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि पूरे छात्र समुदाय की समस्याओं के समाधान के लिए है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा। इस दौरान संदीप गुर्जर, मोहित गुर्जर (शुक्लावास), विकास कसाना, राहुल कांकरिया, केशव शर्मा, राहुल कसाना, रुपेश चौधरी, दीपक शर्मा, लक्ष्य जाट, अमरसिंह, जॉनी सैनी, अन्नी पटेल, गौतम, पंकज वर्मा, आदेश कुमार, सुनील आर्य, यश रावत, हवासिंह गुर्जर, अंकित, अंशु, हिमांशु वर्मा, प्रियांशु शर्मा, सचिन गुर्जर, रजनीश दायमा समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्रायें मौजूद रहे तथा सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
छात्रवृत्ति सहित 06 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों का भारी विरोध प्रदर्शन
By -
June 02, 2026
0
Tags: