जयपुर/नारनौल (श्रीराम इंदौरिया): हृदय रोगों की बढ़ती समस्या और महंगे इलाज को देखते हुए नारनौल के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। प्रियंका हॉस्पिटल एण्ड कार्डियक सेंटर, मानसरोवर जयपुर एवं अग्रवाल नर्सिंग होम, नारनौल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को निःशुल्क हृदय रोग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन अग्रवाल नर्सिंग होम, शेखपुरा मोड़, महेंद्रगढ़ रोड, नारनौल में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा। इस शिविर में राजस्थान के सुप्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट एवं प्रियंका हॉस्पिटल एण्ड कार्डियक सेंटर के चेयरमैन डॉ.जीएल शर्मा अपनी टीम के साथ मरीजों को परामर्श देंगे।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में हृदय संबंधी बीमारियों की प्रारंभिक जांच पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी। इसमें डॉक्टर परामर्श, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और ई.सी.जी. जैसी जरूरी जांचें शामिल हैं। इसके अलावा मरीजों को ECHO, TMT और Lipid Profile जैसी एडवांस जांचों पर 50% की विशेष छूट दी जाएगी। एंजियोग्राफी रजिस्ट्रेशन पर भी विशेष छूट का प्रावधान रखा गया है। शिविर में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र मरीजों को निःशुल्क इलाज की जानकारी भी दी जाएगी। आयोजकों का उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति हृदय रोग का इलाज कराने से वंचित न रहे। कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले डॉ.शर्मा ने बताया कि बदलती जीवनशैली, तनाव और गलत खान-पान के कारण आज युवा भी हृदय रोगों की चपेट में आ रहे हैं। समय पर जांच और सही परामर्श से गंभीर स्थितियों से बचा जा सकता है। यह शिविर इसी उद्देश्य से लगाया जा रहा है ताकि लोगों को ऐसी गंभीर समस्याओं का सामना न करना पड़े। अग्रवाल नर्सिंग होम के संचालक हितेंद्र मित्तल ने बताया कि इस शिविर से नारनौल, महेंद्रगढ़, कनीना और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मरीजों को यहीं अपने शहर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श और जांच की सुविधा मिल जाएगी।
3/related/default