श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (तोलाराम मारू): वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विधायक ताराचंद सारस्वत के लगातार प्रयासों से श्रीडूंगरगढ़ बृहद पेयजल परियोजना के अंतर्गत महत्वपूर्ण स्वीकृतियां जारी हुई हैं, जिससे क्षेत्र की सबसे बड़ी एवं ऐतिहासिक पेयजल योजना अब धरातल पर उतरेगी। राजस्थान सरकार के इंदिरा गांधी नहर परियोजना, बीकानेर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ एवं आसपास के गांवों की पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए कवर्ड रिजर्वायर हेतु कन्वर्सन लिफ्ट नहर की RD 319(R) पर मोघे की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही इस योजना के 108 गांवों और 37 ढाणियों की पेयजल आपूर्ति के लिए 40 क्यूसेक पानी की स्वीकृति भी दी गई है। इसमें 12 गांव लूणकरणसर के भी शामिल है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति पूर्व में उपशासन सचिव, इंदिरा गांधी नहर विभाग, जयपुर द्वारा जारी आदेशों की निरंतरता में प्रदान की गई है। सैंकड़ो करोड़ों रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना से आने वाले वर्षों में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को नया आधार मिलेगा और हजारों परिवारों को राहत प्राप्त होगी। युवा मोर्चा के भवानी तावनिया ने बताया कि विधायक सारस्वत ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा व पीएचडी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के संवेदनशील नेतृत्व एवं राज्य सरकार की सकारात्मक सोच के कारण श्रीडूंगरगढ़ को यह बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक योजना नहीं बल्कि क्षेत्र के भविष्य को सुरक्षित करने वाला ऐतिहासिक कदम है। विधायक सारस्वत ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता पेयजल समस्या से जूझ रही थी, लेकिन अब करोड़ों रुपये की इस विशाल परियोजना के माध्यम से स्थायी समाधान की दिशा में मजबूत शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह योजना श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक पेयजल परियोजना साबित होगी।
विधायक सारस्वत ने IGNP बीकानेर के चीफ इंजीनियर विवेक गोयल से मुलाकात के दौरान स्वीकृति पत्र प्राप्त किया। इस कार्य को तुरन्त करने के लिए आभार व्यक्त किया तथा इस योजना के बारे में विस्तृत चर्चा करते हुए जल्द से जल्द इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए कहा। क्षेत्रवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस स्वीकृति पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, जल संसाधन विभाग एवं विधायक ताराचंद सारस्वत का आभार जताया। यह योजना 2024 में समाप्त हो गईं थी, उसको आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का विशेष आभार जताया।