रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): निकटवर्ती धानोल स्थित श्री गुरु दत्तात्रेय गोसेवा समिति के पावन प्रांगण में आयोजित नौ दिवसीय गौ-नंदी महोत्सव का भव्य समापन गुजराती लोक कलाकार हकाभा गढ़वी के रंगारंग डायरे के साथ हुआ। महोत्सव के अंतर्गत प्राण प्रतिष्ठा, श्रीमद्भागवत कथा एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। पथमेड़ा गोधाम महातीर्थ के गौऋषि स्वामी दत्तशरणानंद महाराज के आशीर्वाद से आयोजित इस महोत्सव में संतों के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने ज्ञान एवं भक्ति का लाभ प्राप्त किया। कथा एवं धार्मिक कार्यक्रमों में विट्ठल कृष्ण महाराज, महादेवानंद सरस्वती महाराज, बलदेवदास महाराज, सीताराम बापू सहित कई संत-महात्माओं की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में रानीवाड़ा विधायक रतन जी देवासी, राजाराम शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष जोईताराम चौधरी (धानोल), सुरेश राजपुरोहित (धनपुरा), कामधेनु गौशाला नाथद्वारा के अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान, परेश कुमार ठाकोर, छोगाराम देवासी, मुलाराम चौधरी, ताराचंद जोशी, अरविंद चौधरी सहित गंगेश्वर युवा टीम एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण व दूर-दराज से आए श्रद्धालु मौजूद रहे। महोत्सव के मुख्य यजमान करणाराम मोनाजी पुरोहित एवं गोलवाड़िया व्यास परिवार ने तन-मन-धन से सहयोग करते हुए आयोजन को सफल बनाया। आयोजन में कार्यकर्ताओं की टीम ने भी समर्पण भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। समिति की ओर से सभी गौसेवी संस्थाओं, भामाशाहों एवं गौभक्तों का आभार व्यक्त किया गया। विशेष रूप से भामाशाह नरेंद्र भाई पुरोहित के सहयोग की सराहना की गई। अंत में श्री गुरु दत्तात्रेय गोसेवा समिति धानोल द्वारा सभी महानुभावों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की गई। महोत्सव के समापन पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
3/related/default