कुण्ड में कूदकर दी जान, सौतेले पिता पर प्रताडऩा का आरोप

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (जय नारायण बिस्सा): जिले के जसरासर थाना क्षेत्र के उड़सर गांव में एक 19 वर्षीय युवक द्वारा पानी के कुण्ड में कूदकर आत्महत्या कर ली। मामले में मृतक के नाना ने युवक के सौतेले पिता पर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताडऩा के आरोप लगाते हुए जसरासर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस के अनुसार उड़सर निवासी बीजाराम ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री का पहला विवाह कातर छोटी निवासी तिलोकाराम के साथ हुआ था, जिससे महेन्द्र नामक पुत्र हुआ। पारिवारिक विवाद के चलते करीब 13 वर्ष पूर्व उसकी पुत्री ने नागौर जिले के राजोद निवासी कैलाश के साथ पुनर्विवाह कर लिया था। इसके बाद महेन्द्र भी अपनी मां और सौतेले पिता के साथ रहने लगा।आरोप लगाया गया है कि सौतेला पिता कैलाश लंबे समय से महेन्द्र को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडित करता था। उसके साथ मारपीट और गाली-गलौच की जाती थी। मृतक कई बार अपने नाना को इस बारे में जानकारी दे चुका था। पता चला है कि 26 मई को महेन्द्र अपने ननिहाल उड़सर आया और सौतेले पिता द्वारा परेशान किए जाने की बात कही। इसके बाद बीजाराम और महेन्द्र दोनों राजोद जाकर कैलाश को समझाने पहुंचे, लेकिन वहां भी विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।इसके बाद डरा-सहमा महेन्द्र वापस उड़सर लौट आया और शाम करीब 7 बजे ढाणी के पास बने पानी के कुण्ड में कूद गया। परिजन उसे गंभीर हालत में बाहर निकालकर नोखा के बागड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार मृतक के बैग से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें प्रताडऩा से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!