निवाई (लालचंद माली): गांव काटोली में स्थित महाभारत कालीन माँ भद्रकाली मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीराम महाराज अघोरी बाबा ने एक बार फिर मानवता और सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए असहाय परिवार की बेटी के विवाह में आर्थिक सहयोग कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। बौंली उपखण्ड क्षेत्र के गांव मामडोली निवासी भरत लाल मीणा की पुत्री पार्वती मीणा का परिवार आर्थिक रूप कमजोर होने के कारण सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराने में असमर्थ था। सूचना पर श्रीराम अघोरी बाबा ने भाजपा नेता रामअवतार मीणा से संपर्क कर परिवार की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। स्थिति की स्पष्ट पुष्टि होने पर बाबा ने तत्काल विवाह की संपूर्ण व्यवस्था कराने का संकल्प लिया और कहा कि विवाह में जो भी खर्च आएगा, उसकी व्यवस्था वे स्वयं करेंगे। श्रीराम महाराज अघोरी अपने सैकड़ों भक्तों एवं भाजपा नेता रामअवतार मीणा के साथ मामडोली गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने डीजे पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद अघोरी बाबा श्रीराम महाराज विवाह स्थल मामडोली पहुंचे और विवाह में आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। बेटी पार्वती मीणा को 11 हजार रुपये नकद भेंटकर आशीर्वाद दिया। अघोरी बाबा ने समाज से 5 महत्वपूर्ण वचन मांगे, जिनमें जीवन में कभी नशा नहीं करेंगे। परिवार को कभी अलग नहीं करेंगे, सब साथ रहेंगे। जाति-पांति से ऊपर उठकर हिंदू एकता बनाए रखेंगे। शिक्षा को जीवन में सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। प्रतिदिन कम से कम 24 मिनट अपने इष्ट देव की भक्ति करेंगे। श्रीराम महाराज ने बताया कि माता रानी के दरबार में प्रत्येक सप्तमी व अष्टमी को श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान किया जाता है। यहां नशामुक्ति अभियान, विभिन्न रोगों के उपचार एवं सामाजिक समस्याओं के समाधान का कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्राप्त आय का 80 प्रतिशत हिस्सा जनकल्याण कार्यों में खर्च किया जाता है, जबकि शेष राशि मंदिर संचालन में लगाई जाती है।
श्रीराम महाराज ने असहाय परिवार की बेटी के विवाह में किया आर्थिक सहयोग
By -
May 14, 2026
0
Tags: