पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बिरला स्कूल, पिलानी में मातृ दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए विविध शिक्षाप्रद, सृजनात्मक एवं भावनात्मक गतिविधियों का अत्यंत सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में मातृत्व के प्रति आदर, संवेदना, कृतज्ञता तथा संस्कारपूर्ण अभिव्यक्ति को केंद्र में रखते हुए दिन भर विभिन्न कालांशों में कार्यक्रम संचालित किए गए। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में माँ के प्रति सम्मान, प्रेम और उनके जीवन में माँ के अमूल्य स्थान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। चतुर्थ कालांश में विद्यार्थियों के लिए कविता-लेखन, संक्षिप्त पत्र लेखन, संदेश-लेखन तथा उद्धरण-लेखन जैसी साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी भावनाओं को शब्दों का रूप देते हुए माँ के प्रति अपने प्रेम, श्रद्धा और कृतज्ञता को अत्यंत मार्मिक ढंग से अभिव्यक्त किया। उनकी रचनाओं में ममतामयी माँ के त्याग, स्नेह, करुणा और प्रेरणादायी व्यक्तित्व का सुंदर चित्रण देखने को मिला। पाँचवें एवं छठे कालांश में विद्यार्थियों द्वारा अपनी माताओं के लिए शुभकामना संदेश, चित्र तथा अन्य रचनात्मक वस्तुओं के निर्माण की गतिविधि आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह, लगन और कल्पनाशीलता के साथ अपनी सृजनात्मक अभिव्यक्तियों को आकार दिया। इन कलात्मक गतिविधियों ने न केवल उनकी रचनात्मक प्रतिभा को उभारने का कार्य किया, बल्कि माँ के प्रति उनके भावनात्मक जुड़ाव को भी अत्यंत प्रभावशाली रूप से व्यक्त किया। सातवें एवं आठवें कालांश में कलात्मक एवं साहित्यिक रचनाओं से संबंधित गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के लिए बनाए गए कार्ड, चित्र एवं रचनात्मक वस्तुओं का प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान उन्होंने बड़े आत्मविश्वास और भावपूर्ण शब्दों में यह व्यक्त किया कि उन्होंने अपनी रचना में क्या बनाया है, क्यों बनाया है और वह अपनी माँ के प्रति कौन-सी भावना प्रकट करना चाहते हैं। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति-कौशल, आत्मविश्वास तथा भावनात्मक संवेदनशीलता का प्रभावी विकास किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र प्रकाश आनंद ने सभी विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, सृजनात्मकता और उत्कृष्ट अभिव्यक्तियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे सदैव अपनी माँ का सम्मान करें, उनके त्याग और स्नेह का मूल्य समझें तथा अपने उत्तम आचरण, परिश्रम और संस्कारों से उनका नाम रोशन करते रहें।
बिरला स्कूल, पिलानी में मातृ दिवस पर विविध रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन
By -
May 09, 2026
0
Tags: