एसकेआईटी: कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग द्वारा राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (एसकेआईटी), जयपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग द्वारा सी-डैक नोएडा के सहयोग से “व्यावहारिक साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं साइबर अपराध: तकनीकी संस्थानों को धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल खतरों से सुरक्षित बनाना” विषय पर एक राष्ट्रीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला सूचना सुरक्षा शिक्षा एवं जागरूकता परियोजना फेज-III के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित थी। कार्यशाला में विभिन्न महाविद्यालयों एवं संस्थानों के फैकल्टी सदस्य, तकनीकी सहायक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग अटैक, फर्जी वेबसाइटों, डिजिटल ठगी तथा साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. मेहुल महर्षि के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा, डिजिटल जागरूकता एवं सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति एवं संस्थान की आवश्यकता बन चुकी है।
सी-डैक नोएडा के साइबर सुरक्षा अभियंता श्री शुभम त्रिपाठी ने साइबर अपराध जांच, एथिकल हैकिंग, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, डार्क वेब मॉनिटरिंग तथा डिजिटल फ्रॉड डिटेक्शन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने वास्तविक साइबर ठगी के उदाहरणों एवं फिशिंग वेबसाइटों के लाइव प्रदर्शन के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक साइबर खतरों एवं उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा, साइबर अपराध शिकायत प्रक्रिया तथा डिजिटल सुरक्षा उपायों से संबंधित प्रश्न पूछे।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. डॉ. पंकज दधीच द्वारा श्री शुभम त्रिपाठी को एसकेआईटी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन सूचना प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष डॉ.विपिन जैन द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. डॉ. पंकज दधीच तथा विकाश धनखड़, असिस्टेंट प्रोफेसर, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग, एसकेआईटी जयपुर द्वारा किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!