शिक्षा विभाग की हठधर्मिता के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

AYUSH ANTIMA
By -
0


रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) खंड रानीवाड़ा के सैकड़ों शिक्षकों ने खंड अध्यक्ष हजारी राम राणा और मंत्री भंवर सिंह चारण के नेतृत्व में उपखंड कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षकों ने हाथों में तख्तियां लेकर रैली निकाली और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। जिला मीडिया प्रभारी आसुराम सेन ने बताया कि महासंघ ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर हठधर्मिता और उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग में नवाचार के नाम पर शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त किया जा रहा है। खंड अध्यक्ष हजारी राम राणा ने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है तथा समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संवाद के बावजूद सरकार और अधिकारियों द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। संभाग संयुक्त मंत्री दीपसिंह देवल ने बताया कि संगठन ने शिविरा पंचांग में संशोधन, तृतीय श्रेणी सहित सभी संवर्गों के स्थानांतरण, पदोन्नति, क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति, स्टाफिंग पैटर्न लागू करने, RGHS योजना को सुचारू रखने, वेतन विसंगति दूर करने तथा संविदा शिक्षकों को नियमित करने सहित कई मांगों को लेकर सरकार से वार्ता की, लेकिन समाधान नहीं होने से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। विभाग संगठन मंत्री मुकेश कुमार जोशी ने आरोप लगाया कि अधिकारी तानाशाही रवैया अपनाकर शिक्षकों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। जिला सह संगठन मंत्री प्रतापा राम जाट ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश में कटौती अवैज्ञानिक है तथा पदोन्नति और काउंसलिंग प्रक्रिया में भी शिक्षकों के साथ अन्याय हो रहा है। जिला उपसभाध्यक्ष टीकमचंद माहेश्वरी ने कहा कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों को पदोन्नति के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं और वर्षों से स्थानांतरण लंबित हैं। जिला उपाध्यक्ष हनुमान चौधरी ने गैर शैक्षणिक कार्यों का बोझ बढ़ाने और ऑनलाइन कार्यों के दबाव को लेकर नाराजगी जताई। खंड सभाध्यक्ष अरविन्द जोशी ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने विसंगतियों को दूर नहीं किया तो महासंघ प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन करेगा। इस अवसर पर कृष्ण कुमार गर्ग, सुरजपाल सिंह देवड़ा, ओमप्रकाश राजपुरोहित, मोहब्बत सिंह देवड़ा, चौखा राम विश्नोई, गिरधर दान चारण, टीकमचंद माहेश्वरी, मुकेश कुमार पुरोहित, महेन्द्र त्रिवेदी, अमर दान चारण, पांचाराम चौधरी, अशोक सेन, भोला राम देवासी, बसन्त पुरोहित, श्याम सुन्दर राव, भलाराम चौधरी, जयसिंह चारण, हरजीराम मेघवाल, अशोक शर्मा, नरेन्द्र सिंह, मुकेश कुमार गुर्जर, उत्तम चंद गोयल, भवानी दान, धारा मीणा, विकास कुमार, भगवान सिंह, खेताराम चौधरी और कैलाश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!