झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): चिड़ावा में शनिवार को "वंदे गंगा" जल संरक्षण जन अभियान के तहत पंडित गणेशनारायण बावलिया महाराज मंदिर में भव्य महा-आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण और जल संवर्धन के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एवं अभियान के प्रदेश सहसंयोजक प्रेम सिंह बाजौर ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण और जल के विवेकपूर्ण उपयोग को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए लोगों से दैनिक जीवन में जल बचाने के व्यवहारिक उपाय अपनाने का आह्वान किया। जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने कहा कि जल संकट भविष्य की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और इसके समाधान के लिए व्यापक जन-जागरूकता तथा सामुदायिक सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि "वंदे गंगा" अभियान का उद्देश्य केवल जल स्रोतों का संरक्षण करना नहीं, बल्कि लोगों में जल के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना भी है। उन्होंने आमजन से अभियान से जुड़कर जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आग्रह किया। अभियान के प्रदेश संयोजक मुकेश दाधीच ने बताया कि प्रदेशभर में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जल संचय, जल स्रोतों के पुनर्जीवन, पर्यावरण संरक्षण तथा स्थानीय स्तर पर जल संवर्धन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने जल संरक्षण का संकल्प लिया ।
चिड़ावा से गूंजा जल संरक्षण का संदेश, बाबा बावलिया मंदिर में हुई भव्य महाआरती
By -
May 30, 2026
0
Tags: