निवाई (लालचंद माली): न्याय के देवता भगवान शनि देव की जयंती एवं शनि अमावस्या का एक साथ योग बनने से शनिवार को शहर में स्थित शनि मंदिरों में भगवान के दर्शन एवं तेल अभिषेक करने के लिए शनि भक्तों की भीड़ लग गई। सुबह 6 बजे से ही भक्तों का शनि मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गया, जो शाम तक जारी रहा। शिवाजी पार्क के समीप स्थित शनि मंदिर में शनिवार को भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर पुजारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शनि जयंती पर सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक भगवान शनि देव की निज मूर्ति पर शनि भक्तों ने तेलाभिषेक किया। इसके बाद शाम को भगवान शनि देव, शिव पंचायत व हनुमान जी की विशेष सज्जा कर फूलों से झांकी सजाई गई। शाम को महाआरती का आयोजन हुआ। उन्होंने बताया कि शनि जयंती के उपलक्ष में शुक्रवार की रात मंदिर परिसर में भव्य जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें भजन गायकों ने भगवान शनि के चरित्र से संबंधित विभिन्न भजन प्रस्तुत किए। भजन सत्संग पूरी रात चला। इसी प्रकार चिंताहरण गणेश जी के मंदिर के समय पर स्थित शनि मंदिर व रेलवे स्टेशन के समीप स्थित शनि मंदिर में सनी भक्तों ने न्याय के देवता का तेल से अभिषेक किया।
शनि जयंती पर शनि मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, निज मूर्ति पर चढ़ाया तेल, परिवार में सुख शांति की प्रार्थना की
By -
May 16, 2026
0
Tags: