रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान जिले में एक सशक्त जन-जागरूकता आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। बुधवार को जिले की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में अभियान उत्साह, सहभागिता और प्रभावशीलता के साथ आयोजित हुआ, जहां कला जत्था (लोक सांस्कृतिक दल) और मोबाइल एलईडी वैन के माध्यम से गांव-गांव योजनाओं की “रोशनी” पहुंचाई गई।अभियान की खास बात यह है कि यह केवल सूचना देने तक सीमित नहीं है, बल्कि पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराकर शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास को और मजबूत कर रहा है। ग्रामीणों में जागरूकता के साथ-साथ योजनाओं से जुड़ने की सकारात्मक लहर साफ दिखाई दे रही है।
*13 विभागों की योजनाएँ एक मंच पर*
ग्राम रथ अभियान के तहत 13 विभागों की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का समन्वित रूप से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। कलाजत्था के माध्यम से स्थानीय भाषा में गीत, नाटक और संवाद शैली में योजनाओं को प्रस्तुत किया जा रहा है, वहीं मोबाइल एलईडी वैन पर ऑडियो-वीडियो के जरिए योजनाओं को सरल व आकर्षक तरीके से समझाया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में योजनाओं की समझ और रुचि दोनों बढ़ रही हैं।
*रथ के पहुँचने पर उमड़ा जनसैलाब*
ग्राम रथ अभियान के तहत बुधवार को सांथू, नून, चूरा, कुड़ा, करवाड़ा, दांतवाड़ा, चरली, काम्बा, मेघावा, वीरावा, हालीवाव, थोबाऊ, वाडाभाड़वी, वाडानया, कूका व डूंगरवा ग्राम पंचायत में ग्राम रथ पहुँचे जहाँ आयोजित कार्यक्रमों में भी ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सभी स्थानों पर स्थानीय भाषा में योजनाओं का सरल व प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित साहित्य का वितरण किया गया।
*संध्या चौपालों में संवाद और समाधान*
अभियान के तहत कई स्थानों पर संध्या चौपालों का आयोजन भी किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर समाधान भी किया। चित्तौड़गढ़ के सावा में आयोजित संध्या चौपाल में लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
*कृषि योजनाओं से बढ़ी खुशहाली*
अभियान के दौरान कृषि विभाग की तारबंदी, फार्म पॉण्ड और कृषि यंत्र अनुदान जैसी योजनाओं का लाभ भी पात्र किसानों को मौके पर मिला। लाभान्वित किसानों ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इन योजनाओं से उनकी आय और सुरक्षा दोनों में वृद्धि हुई है।
*गांव-गांव सशक्तिकरण की ओर मजबूत कदम*
ग्राम रथ अभियान न केवल योजनाओं के प्रचार-प्रसार का माध्यम बन रहा है, बल्कि यह ग्रामीणों को सशक्त बनाकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में उभर रहा है। प्रशासन की सक्रियता और ग्रामीणों की सहभागिता इस अभियान को सफल बना रही है।