निवाई (लालचंद माली): रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात टीटीई पर 4-5 रेल कर्मियों ने मारपीट कर दी, जिसमें टीटीई बाबूलाल मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने सवाई माधोपुर जीआरपी पुलिस थाने में नामजद मामला दर्ज करवाया है। पीडित मीणा ने बताया कि वह 22 मई को जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस के एसी कोच में कंडक्टर के रूप में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान चौथ का बरवाड़ा स्टेशन के पास सीकेबी स्टाफ के लोग कोच में सवार हो गए। जब टीटीई ने रेल कर्मियों से टिकिट मांगा तो वे उग्र हो गए और संतोषजनक जवाब देने के बजाय कार्मिक मुराद खान व अन्य लोग बदतमीजी करने लगे। इसी दौरान सीकेबी व सीपीडब्ल्यूआई दीपक भारती भी वहां पहुंच गया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देने लगा। पीड़ित टीटीई ने तुरंत इसकी सूचना सीएमआई कंट्रोल जयपुर को दी, जहां से उन्हें आरपीएफ की सहायता के लिए वनस्थली निवाई स्टेशन पर रुकने के लिए के निर्देश दिए। जैसे ही ट्रेन वनस्थली निवाई स्टेशन पर पहुंची और पीडित बाबूलाल मीणा आरपीएफ कर्मियों को देखने के लिए कोच के गेट पर आए, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों एवं करीब 3-4 उनके साथियों ने मिलकर उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उनका कोट और वर्दी खींचकर फाडऩे की कोशिश की तथा पीछे से लात-घूंसों व थप्पड़ों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे उनकी दाहिनी तरफ की पिछली पसलियों में चोट आई है। पीडित किसी तरह स्टेशन मास्टर कार्यालय पहुंचे, जहां मौजूद जीआरपी के जवान राकेश ने उन्हें संभाला और तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाकर उनका प्राथमिक उपचार करवाया। डॉक्टर द्वारा प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद उन्हें वापस वनस्थली निवाई स्टेशन लाया गया। पीडित बाबूलाल मीणा ने आरोपी कर्मचारी दीपक भारती व मुराद खान सहित 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर ऑन ड्यूटी रेल कर्मचारी को गाड़ी से नीचे पटकने, उनकी सरकारी वर्दी का अपमान करने एवं मानहानि का जीआरपी थाना सवाई माधोपुर में आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया है। इसी प्रकार ट्रैकमेनों ने बताया कि वह वनस्थली निवाई सेप्टी सेमिनार व हेल्थ चेक अप केम्प में शामिल होने ऑन ड्यूटी जा रहे थे। हम गाडी में बैठे थे तो हमारे पास टीटीई बाबूलाल मीणा आये और हमसे टिकिट के बारे में पूछा हम सभी कर्मचारियों के पास ड्यूटी पास थे। हमने अपना ड्यूटी पास दिखाया लेकिन टीटीई अभद्र भाषा में बात करने लगा और हमारे साथ मारपीट करने लगा। इस सम्बन्ध में हम जीआरपी थाना सवाई माधोपुर गए और अपनी एफआईआर लिखवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया लेकिन पुलिस ने हमारी एफआईआर दर्ज नही की।
वनस्थली निवाई रेलवे स्टेशन पर टीटीई से रेल कर्मियों ने की मारपीट: टीटीई ने करवाया मामला दर्ज
By -
May 25, 2026
0
Tags: