निवाई (लालचंद माली): मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में लापरवाही बरतने पर टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी ने पीपलू पंचायत समिति के बीडीओ सुनील वर्मा को चार्जशीट जारी की है। कलेक्टर की ओर से जारी नोटिस में 15 दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार योजनाओं की प्रगति लगातार कमजोर रहने और बार-बार निर्देशों के बावजूद सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन की समीक्षा बैठकों, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और विभिन्न माध्यमों से योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर चार्जशीट जारी की गई। चार्जशीट में छह बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है। इनमें मनरेगा के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा नहीं करना, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य पूरे नहीं करना, समय पर मस्टररोल जारी नहीं करना, श्रमिकों की नियमित मॉनिटरिंग नहीं करना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतना शामिल है। प्रशासन के अनुसार हाल ही में हुई समीक्षा में पंचायत समिति का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया था। इसके बाद जिला कलेक्टर टीना डाबी ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जवाब तलब किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना प्राथमिकता है।
मनरेगा-प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही, पीपलू बीडीओ को चार्जशीट
By -
May 10, 2026
0
Tags: