झुंझुनू (राजेंद्र शर्मा झेरलीवाला): पावन पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में शहर भक्ति के अनूठे रंग में रंगा नजर आया। गांधी पार्क के पीछे स्थित श्री गंगाराम अतिथि भवन में आयोजित एक भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम में इस्कॉन उज्जैन के अध्यक्ष पूज्य प्रेम भक्ति प्रभुजी ने अपनी ओजस्वी वाणी से नगरवासियों को कृष्ण भक्ति के रसातल में डुबो दिया।
*प्रेम भक्ति प्रभुजी का दिव्य प्रवचन*
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, पूज्य प्रेम भक्ति प्रभुजी ने पुरुषोत्तम मास की महिमा का गुणगान करते हुए भक्तों को प्रेरित किया। उन्होंने अपने सारगर्भित प्रवचन में स्पष्ट किया कि "सब कुछ प्रभु श्री कृष्ण ही हैं।" प्रभुजी ने उपस्थित जनसमूह को निरंतर नामजप और निष्काम भक्ति का मार्ग अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान श्रीहरि का अत्यंत प्रिय महीना है, जिसमें किया गया सत्संग और नाम संकीर्तन साधक के जीवन में अनंत आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है। प्रवचन के उपरांत एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रेम भक्ति प्रभुजी ने हरि भक्तों के आध्यात्मिक जिज्ञासाओं और प्रश्नों का अत्यंत सरल एवं प्रभावशाली ढंग से समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में हरिनाम संकीर्तन (हरिकर्तन) का आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण 'हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम, हरे राम, राम राम हरे हरे' के मधुर स्वर से गुंजायमान रहा। इस पावन अवसर पर श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के ट्रस्टी डॉ.डीएन तुलस्यान, परमेश्वर हलवाई, सुनील खेतान, श्रीमती संतोष केजरीवाल श्रीमती यशोदा हलवाई, नवदीप भक्ति देवी दासी, हरिभक्त नवीन कांती दास, राधा मदन मोहन, जितेंद्र प्रभु, सोमवीर प्रभु सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने इस्कॉन उज्जैन के अध्यक्ष प्रेम भक्ति प्रभुजी का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर और भगवान राधा-कृष्ण का स्मृति चिह्न (प्रतीक चिह्न) भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन के बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के लिए विशेष महाप्रसाद (खिचड़ी) की व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में शहर के धर्मप्रेमी, माताएं और बहनें इस आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनीं। सभी भक्तों ने भक्तिभाव के साथ प्रसाद ग्रहण कर इस आयोजन को सफल बनाया।