झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राजस्थान के गौरव और भारत माता के वीर सपूत, देश के प्रथम परमवीर चक्र विजेता कंपनी हवलदार मेजर (CHM) पीरू सिंह शेखावत की 108वीं जयंती बुधवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। लायंस क्लब झुंझुनूं के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से शहीद की वीरता को नमन किया गया। कल प्रातः 8 बजे पीरू सिंह सर्किल पर एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज मील के मुख्य आतिथ्य में शहीद पीरू सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया। इस अवसर पर लायंस क्लब के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने उनकी शहादत को नमन किया। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष लायन डॉ.देवेंद्र सिंह शेखावत, कोषाध्यक्ष लायन भागीरथ प्रसाद जांगिड़, रीजन चेयरपर्सन लायन डॉ.एनएस नरूका, लायन डॉ.उमेद सिंह (संयोजक), एमजेएफ लायन नरेंद्र व्यास, एमजेएफ लायन अमर नाथ जांगिड़, एमजेएफ लायन रघुनाथ प्रसाद पोद्दार, लायन महिपाल सिंह, एमजेएफ लायन मनोज सिंह टीकेएन, लायन किशन लाल जांगिड़, लायन मनीराम, लायन संपतराम पुरोहित, लायन विक्रम सिंह राठौड़, लायन सुनील कौशिक, लायन डॉ.राम अवतार गौड़, डॉ.हनुमान सिंह शेखावत, किशोर सिंह और सुरेंद्र सिंह बङाऊ सहित अनेक जन उपस्थित रहे। शहीद पीरू सिंह के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए, लायंस क्लब की ओर से मंगलवार सुबह 9 बजे नगर परिषद स्थित 'अन्नपूर्णा रसोई' में 50 जरूरतमंद प्रभुजनों को निशुल्क भोजन करवाया गया। कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रायोजक लायन डॉ.उम्मेद सिंह शेखावत ने बताया कि क्लब द्वारा प्रतिवर्ष शहीद का जन्म दिवस नियमित रूप से मनाया जाता है। परमवीर चक्र विजेता पीरू सिंह का जन्म 20 मई 1918 को झुंझुनूं के ग्राम रामपुरा बेरी में हुआ था। 6 राजपूताना राइफल्स के जांबाज योद्धा ने 1948 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान टीथवाल सेक्टर में अद्वितीय वीरता दिखाई थी। भारी गोलाबारी और अपने साथियों के शहीद होने के बावजूद, उन्होंने अकेले ही दुश्मन के बंकरों पर हमला किया। शरीर पर कई गोलियां और ग्रेनेड के जख्म होने के बावजूद, उन्होंने दुश्मन की मशीन गन (MMG) पोस्ट को तबाह कर दिया और लक्ष्य प्राप्ति के उपरांत 18 जुलाई 1948 को वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी वीरता की स्मृति में उनके गृह क्षेत्र में 'शहीद पीरू सिंह शेखावत सर्कल' निर्मित है। साथ ही, शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने उनके सम्मान में अपने एक क्रूड ऑयल टैंकर का नाम 'कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह, पीवीसी' रखा है। उनका जीवन आज भी भारतीय युवाओं के लिए देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान का सबसे बड़ा प्रेरणा स्रोत है।
वीरता के प्रतीक परमवीर चक्र विजेता मेजर पीरू सिंह की 108वीं जयंती पर झुंझुनूं में भावभीनी श्रद्धांजलि
By -
May 20, 2026
0
Tags: