वन्दे गंगा' जल संरक्षण जन अभियान 25 मई से होगा शुरू, जिलेभर में 5 जून तक चलेगा

AYUSH ANTIMA
By -
0



झुंझुनूं (राजेंद्र शर्मा झैरलीवाला): प्रदेश में भू-जल स्तर और जल संचयन में जन भागीदारी बढ़ाने के लिए 25 मई (गंगा दशमी) से 'वंदे गंगा' जल संरक्षण जन अभियान का शुभारंभ होगा। जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की व्यापक एवं प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देकर जिले में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पारम्परिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के कार्यक्रमों को मिशन मोड पर करें, जिससे अभियान का सकारात्मक प्रभाव प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। सभी विभाग आपसी समन्वय से प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय तक कार्ययोजना बनाकर गतिविधियों कासंचालन सुनिश्चित करें। अभियान में श्रमदान, स्वच्छता गतिविधियां, पौधारोपण, जल स्रोतों की सफाई, प्रभात फेरियां, जागरूकता रैलियां एवं सामाजिक सहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित कराएं। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, युवा समूहों तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी अभियान की सफलता का आधार बनेगी। इस अभियान में जल स्रोतों की पूजा एवं साफ-सफाई, जल शक्ति अभियानः कैच द रैन अंतर्गत कार्यक्रम, जल संचय जन भागीदारी कार्यक्रम, नए कार्यों का शिलान्यास, भूमि पूजन एवं पूर्ण कार्यों का अवलोकन व लोकार्पण जैसे विभिन्न कार्य होंगे। अभियान अंतर्गत वंदे गंगा प्रभात फेरी, वंदे गंगा कलश यात्रा, पीपल पूजन व पौधारोपण, ईको फ्रैंडली स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय, संकल्प कार्यक्रम, नवीन अमृत सरोवर का पूजन किया जाएगा। हरियालो राजस्थान अंतर्गत पौधारोपण कार्यों की अग्रिम तैयारी, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत कार्यों का अवलोकन एवं नवीन स्वीकृति, वीबी जी राम जी योजना अंतर्गत जल संरक्षण जैसे कार्य किए जाएंगे। अभियान में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के अंतर्गत नवीन कार्यों की स्वीकृति और कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इस दौरान जल चौपाल भी आयोजित होंगी। पक्षियों के लिए परिंडे बांधे जाएंगे। स्वायत्त शासन विभाग द्वारा जल स्त्रोतों पर दीप प्रज्ज्वलन, महापुरूषोें की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, प्लास्टिक कचरे का चिंहित स्थल पर निष्पादन, अमृत 2.0 योजना अंतर्गत नवीन कार्यादेश जारी होंगे व पूर्ण कार्यों का अवलोकन और लोकार्पण किया जाएगा। इस अभियान में कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा स्प्रिंकलर, ड्रिप, फार्म पौंड, पाइप लाइन की स्वीकृतियां जारी की जाएंगी। प्राकृतिक, जैविक, सूक्ष्म सिंचाई पद्धति पर कार्यशाला एवं प्रदर्शनियां लगेंगी। किसान चौपाल में प्रगतिशील किसानों से विभिन्न विषयों पर चर्चा, कृषि विज्ञान केन्द्रों पर संगोष्ठियां, कृषि शिक्षा कार्यशालाएं होंगी। साथ ही कम्पोस्टिंग तकनीक के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा 4 जून को ‘रन फॉर एन्वायरमेंट‘ होगी। अभियान में वन विभाग द्वारा हरियालो राजस्थान की पूर्व तैयारियां भी शुरू की जाएंगी। विभागीय योजना में निर्मित एवं पूर्ण जल संग्रहण संरचनाओं का अवलोकन व लोकार्पण होगा। आमजन को तुलसी के पौधे वितरित किए जाएंगे। अभियान में 5 जून को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!