पिलानी (राजेंद्र शर्मा झेरलीवाला): बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी की छात्राओं ने ISAFF Federated Cup Aerobics and Hip-Hop National Championship 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं राजस्थान का गौरव बढ़ाया। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 14 मई 2026 से 16 मई 2026 तक सुतुर, मैसूर में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय की 23 छात्राओं ने विभिन्न आयु वर्गों एवं श्रेणियों के कुल 12 इवेंट्स में भाग लिया तथा अपने अद्भुत प्रदर्शन, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय देते हुए कुल 34 पदक अर्जित किए। टीम ने 6 स्वर्ण पदक, 17 रजत पदक एवं 11 कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान आत्मविश्वास, समर्पण, टीम भावना एवं उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन का परिचय दिया, जिससे विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का वातावरण व्याप्त है। विशेष उपलब्धि के रूप में स्वर्ण एवं रजत पदक विजेता प्रतिभागियों का चयन नवंबर 2026 में न्यूज़ीलैंड में आयोजित होने वाली World Cup Championship के लिए किया गया है। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अचला वर्मा ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सभी विजेता छात्राओं एवं टीम कोच दिव्या सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि दिव्या सिंह के कुशल प्रशिक्षण, सतत मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी नेतृत्व ने छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय की छात्राएँ भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगी। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों की इस शानदार सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ISAFF Federated Cup Aerobics and Hip-Hop National Championship 2026 में बिरला बालिका विद्यापीठ की शानदार उपलब्धि
By -
May 20, 2026
0
Tags: