रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): रानीवाड़ा उपखंड के निकटवर्ती गांव मेडक खुर्द में मनरेगा कार्यस्थल पर भारतीय रिजर्व बैंक के तत्वावधान एवं लीड बैंक एसबीआई द्वारा संचालित मनीवाइज वित्तीय साक्षरता केंद्र, क्रिसिल फाउंडेशन की ओर से वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वित्तीय साक्षरता केंद्र रानीवाड़ा के सेंटर मैनेजर भंवरलाल परिहार ने श्रमिकों को भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना एवं अटल पेंशन योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के बैंक खाते लंबे समय से निष्क्रिय हैं, वे केवाईसी करवाकर खातों को पुनः सक्रिय करवाएं ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई। शिविर में मनरेगा मेट अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
3/related/default