चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): शहर की अरडावतिया कॉलोनी और रानी सती मंदिर के आसपास के इलाकों में जलदाय विभाग की भारी लापरवाही के चलते जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। पिछले काफी दिनों से क्षेत्र में पेयजल सप्लाई के साथ अत्यधिक गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे वार्डवासियों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नलों में आने वाला पानी इतना प्रदूषित है कि उसे पीना तो दूर, कपड़े धोने या नहाने के काम में भी नहीं लिया जा सकता। पानी से उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। दूषित पानी के सेवन से बच्चों और बुजुर्गों में पेट दर्द एवं त्वचा रोगों का खतरा बढ़ गया है। वार्डवासियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि वे कई बार जलदाय विभाग (वाटर वर्क्स) के कार्यालय जाकर लिखित शिकायत दे चुके हैं। इतना ही नहीं, प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों को बोतलों में भरकर वही गंदा पानी भी दिखाया गया, जिसे विभाग सप्लाई कर रहा है। लेकिन प्रशासन ने अब तक इस गंभीर समस्या की सुध नहीं ली है। अब देखना यह है कि विभागीय अधिकारी इस स्वास्थ्य संकट पर जागते हैं या जनता को इसी तरह बीमार होने के लिए छोड़ दिया जाएगा।
हम बार-बार विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हमारी सुनने वाला कोई नहीं है। यदि जल्द ही पाइपलाइन की लीकेज ठीक कर स्वच्छ पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई, तो वार्डवासी उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
*स्थानीय निवासी*