पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बिरला स्कूल, पिलानी में 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस दिवसीय कला महोत्सव-छात्र दक्षता संवर्धन कार्यशाला का सफ़ल आयोजन हुआ। इस कार्यशाला का आरंभ सरस्वती वंदना से आराधना भवन में हुआ। इस कार्यक्रम के अतिथि त्रिवेणी प्रसाद अलिसे संगम बहुगुणा, निदेशक प्रदर्शन कला, विकास श्रीवास्तव, निदेशक प्रदर्शन कला और मोहित श्रीवास्तव, तकनीकी कला प्रशिक्षण केंद्र रहे, तदुपरांत इस कार्यशाला में छात्रों ने अग्रिम दस दिनों तक विभिन्न गतिविधियों जैसे मृण्मूर्ति कला में मिट्टी से मूर्तियाँ बनाना, काष्ठ-शिल्प में लकड़ी से सजावटी सामान बनाना, कलात्मक लिपि [सुलेखन] यह कला मात्र लिखना नहीं, बल्कि अक्षरों को सजाकर कलात्मक रूप देना, धातुशिल्प में तांबा, लोहा, पीतल, कांस्य जैसी धातुओं से बनी सजावटी कार्यात्मक कलाकृतियाँ, स्पैटुला पेंटिंग और डिजिटल आर्ट में पेंटिंग, एनिमेशन, 3D मॉडलिंग, कागज शिल्प में कागज से सजावटी समान बनाना, डिजिटल फोटोग्राफी और रंगमंच-नाट्यशाला के माध्यम से छात्रों में अभिनय के कला-कौशल का सृजन करना आदि में अत्योत्साही होकर न केवल खेल-खेल में छात्रों ने अपनी सृजनात्मकता दिखाई अपितु अपनी क्षमता का संवर्धन भी किया। कल अंतिम दिन विद्यालय में इन मिट्टी से बनी कलाकृतियों, सजावटी समान, काग़ज़ से बनी कलात्मक लिपियों की प्रदर्शनी लगाई गई और अंत में रंगमंच पर नाट्य शाला में सीखे अभिनय को विद्यालय के छात्रों ने नाटक की शानदार प्रस्तुति देकर सभी को आत्मविभोर कर दिया। विद्यालय के प्राचार्य धीरेन्द्र सिंह ने 'कला महोत्सव-छात्र क्षमता संवर्धन' का समर्थन करते हुए कहा कि इस प्रकार की पाठ्येतर गतिविधियाँ छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक हैं। उनका क्षमता संवर्धन मूल्यों को संचारित करके उन्हें समाज, राष्ट्र और संसार हेतु उपयोगी बनाते हुए 'वसुधैव कुटुम्बकम्' विश्व-कल्याणकारी भावना हेतु प्रेरित करेगा। प्राचार्य ने कार्यक्रम को सफल बनाने में आए कलाकारों कलात्मक लिपि से डॉ.प्रकाश दास खण्डेय, रंगमंच से त्रिवेणी प्रसाद अलिसे संगम बहुगुणा-निदेशक प्रदर्शन कला, विकास श्रीवास्तव-निदेशक प्रदर्शन कला और मोहित श्रीवास्तव-तकनीकी कला प्रशिक्षण केंद्र, बिरला शिक्षण संस्थान तथा वहाँ से आए कलाकारों के कार्य की प्रशंसा की अपितु उन्हें इसके लिए बधाई भी दी। बिरला स्कूल, पिलानी के बर्सर अनिल अवस्थी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया। कार्यशाला का संचालन बिरला स्कूल, पिलानी के कला विभाग के शिक्षक संजीव कुमार सुधांशु ने किया। इसमें बिरला शिक्षण संस्थान के तकनीकी एवं कला प्रशिक्षण केंद्र के कलाकारों का सहयोग भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उल्लेखनीय रहा। विद्यालय के शिक्षकों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। इस अवसर पर विद्यालय के डेविंग हेड मास्टर एसपी आनंद, जूनियर विंग हेड मास्टर भूपन कुमार शर्मा और वरिष्ठ समन्वयक एएन चिदंबरम भी उपस्थित रहे।
बिरला स्कूल, पिलानी में दस दिवसीय 'कला महोत्सव-छात्र दक्षता संवर्धन' कार्यशाला का भव्यायोजन
By -
May 02, 2026
0
Tags: