ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला, ग्रामीणों ने लगाया जाम

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर: जिले के देशनोक थाना क्षेत्र में ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे राहगीरों की मदद से पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब एक बजे पलाना बस स्टैंड के पास ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को निजी वाहन से बीकानेर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

*ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लगाया जाम*

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बीकानेर-नोखा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पलाना बस स्टैंड क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई स्थायी इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण आमजन, स्कूली बच्चों और राहगीरों की जान हमेशा खतरे में रहती है। सूचना मिलने पर एएसआई हनुमंत सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से समझाइश कर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवा दिया, लेकिन प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने कुछ देर बाद फिर से हाईवे जाम कर दिया, जिससे स्थिति दोबारा तनावपूर्ण हो गई।

*बस स्टैंड के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग* 

ग्रामीणों ने प्रशासन से पलाना बस स्टैंड के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर लगाने और स्थायी यातायात सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते स्पीड ब्रेकर लगाए जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!