रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय, जालोर के तत्वावधान में मंगलवार से ग्रीष्मकालीन कौशल विकास अभिरुचि शिविर (समर कैंप) 18 जून तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोडीजी में संचालित किया जा रहा है। शिविर में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक विभिन्न गतिविधियों आयोजित की जा रही हैं। कैंप प्रभारी सीता सुन्देशा ने बताया कि बच्चों और महिलाओं को कुशल प्रशिक्षकों की ओर से विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सफल प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। शिविर में ट्रेनिंग के साथ बाहरी भ्रमण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्काउट-गाइड गतिविधियां, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन का अभ्यास भी कराया जाएगा। नियमित योग और स्वास्थय गतिविधियां भी शामिल रहेंगी। सीओ स्काउट सवाई सिंह राठौड़ ने बताया कि शिविर में वोकेशनल और क्रिएटिव दोनों तरह के कोर्स शामिल हैं। स्पोर्ट्स, योगा, जुम्बा, आत्मरक्षा, पेंटिंग, नृत्य, आर्ट एंड क्राफ्ट, सिलाई, कढ़ाई-बुनाई, सॉफ्ट टॉयज, मेहंदी, ब्यूटीशियन जैसे कौशल शिविर के तहत सिखाए जा रहे हैं। शिविर में गाइडर रेखा राठौड़ द्वारा सराहनीय सेवाएं दी जा रही है।
3/related/default