जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (RGHS) की गत कुछ माह से चरमराई चिकित्सा को सुचारू कर पेंशनरों को चिकित्सा एवं दवा उपलब्ध करवाने के लिए राजस्थान पेंशनर समाज ने आंदोलन का आगाज कर दिया। राजस्थान पेंशनर समाज के प्रदेश महामंत्री किशन शर्मा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के सभी जिलों में भीषण गर्मी के बावजूद पेंशनरों ने भारी संख्या में एकत्रित होकर नारेबाजी के साथ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किए और जिला कलेक्टर्स के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर अपना रोष प्रकट किया। सभी को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पेंशनर समाज को बुलाकर वार्ता कर समाधान नहीं किया जाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
*जयपुर मुख्यालय पर जिला शाखा द्वारा प्रदर्शन*
मुख्यालय पर जिला शाखा जयपुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शामिल होकर पेंशनरों ने प्रदर्शन कर जिला कलक्टर के माध्यम से ज्ञापन दिया। जिला महामंत्री मदन लाल शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन में जिले की सभी उपशाखाओं के पेंशनर शामिल हुवे और जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया गया। जयपुर जिले द्वारा जयपुर जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, प्रदेश महामंत्री किशन शर्मा, जिलाध्यक्ष जीके मीणा, जिला महामंत्री मदन लाल शर्मा, उपशाखा अध्यक्षगण पुरुषोत्तम शर्मा, गोपाल भारद्वाज, केके पालीवाल, विजय सक्सेना, खेमचंद अग्रवाल, अशोक नाग, त्रिलोकी प्रसाद पाठक, राम किशन अत्री, विजय चंद गुप्ता, भंवर लाल शर्मा, करणी सिंह शेखावत, उमाशंकर तथा महिला प्रकोष्ठ की सुनीता नंदवाना, किरण सोनी सहित सैकड़ों पेंशनर मौजूद थे। प्रदेश महामंत्री ने बताया कि आगामी चरण में राज्य की सभी तहसील मुख्यालयों पर उपशाखाएं ज्ञापन व प्रदर्शन करेंगी। आंदोलन के आगामी चरणों के लिए परसों प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में तिथि व कार्यक्रम तय कर घोषित कर दिया जाएगा।