पीपलू/टोंक (लालचंद माली): टोंक जिले के बनास नदी क्षेत्र में लूट की एक गंभीर वारदात सामने आई है। ककराज से गहलोद जाने वाले कच्चे रास्ते पर दो शातिर बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उससे 7 हजार लूट लिए। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार गोल मस्जिद, टोंक निवासी मोहम्मद आरिफ़ बनास नदी क्षेत्र में बजरी के एक लोडर को ठीक करने गया था। लोडर ठीक करने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर आरिफ़ पर हमला कर दिया। हमले के दौरान चाकू के वार से आरिफ़ के हाथ में गंभीर चोट आई। बदमाश उसके पास रखे 7 हजार छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पीपलू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीपलू थाना प्रभारी राजकुमार अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायल से घटना की जानकारी लेकर बयान दर्ज किए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
बनास नदी क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट, युवक घायल; 7 हजार लेकर फरार हुए बदमाश
By -
May 16, 2026
0
Tags: