राजपुरोहित समाज की 325 मेधावी बालिकाओं का सम्मान, करियर गाइडेंस सेमिनार में उमड़ी भीड़

AYUSH ANTIMA
By -
0


रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): स्वामी आत्मानंद सेवा संस्थान वात्सल्यधाम रानीवाड़ा के तत्वावधान में रविवार को आजोदर स्थित यूआर गर्ल्स कॉलेज में राजपुरोहित समाज बालिका प्रतिभा सम्मान समारोह एवं विशाल करियर गाइडेंस सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। दंडी स्वामी देवानंद सरस्वती के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की 325 मेधावी बालिकाओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। प्रत्येक बालिका को स्कूल बैग, श्रीमद्भगवद्गीता, पाठ्य सामग्री किट, प्रशस्ति पत्र एवं नकद पारितोषिक प्रदान किया गया। कार्यक्रम को लेकर इतना उत्साह रहा कि कॉलेज का विशाल ऑडिटोरियम भी छोटा पड़ गया और बड़ी संख्या में समाज बंधु एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। करियर गाइडेंस सेमिनार में रानी स्टेशन विकास अधिकारी नारायण सिंह राजपुरोहित ने प्रशासनिक सेवाओं में सफलता के गुर बताते हुए बेटियों को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। महिला अधिकारिता विभाग, सिरोही की सहायक निदेशक अंकिता राजपुरोहित ने महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए धैर्य और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.विनीता राजपुरोहित ने उच्च शिक्षा एवं विषय चयन पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि वर्तमान समय में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “बेटियां जब पढ़ती हैं तो एक साथ दो घरों को संवारती हैं।”
असिस्टेंट प्रोफेसर एवं मोटिवेशनल स्पीकर डॉ.गणपत सिंह राजपुरोहित ने बालिकाओं को लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास और सफलता के व्यावहारिक सूत्र बताए। संस्थान निदेशक अमृत पुरोहित ने आधुनिक जीवन की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए बालिकाओं से मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने और खेल-कूद से जुड़ने का आह्वान किया। राजस्थान तहसीलदार सेवा की अधिकारी डॉ.भावना राजपुरोहित ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर बालिकाओं को प्रेरित किया। कार्यक्रम में नन्ही बालिका मान्या राजपुरोहित ने योग प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया और खूब सराहना बटोरी। यह आयोजन समाज के भामाशाह मणीभाई राजपुरोहित (अहमदाबाद, आबूराज) के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक कन्या पूजन से की गई तथा अंत में सभी के लिए स्नेह भोज का आयोजन रखा गया। इस अवसर पर यूआर गर्ल्स कॉलेज के डायरेक्टर ऋतुराज सिंह, शिक्षक जगदीश पुरोहित, मुकेश पुरोहित, कांतिलाल पुरोहित, ऋषभ आचार्य, डिम्पल आचार्य, भंवरलाल गोयल, केराराम चौधरी, डिम्पल शर्मा, किंजल जोशी, विनोद कंवर, सुरेश रावल, प्रवीण कुमार, आशाराम पुरोहित, प्रभुराम बिछावाड़ी, ज्योति राजपुरोहित, जयश्री, हेमलता दवे, गीता राजपुरोहित, बलवंत पुरोहित सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!