जयपुर में नीट 2026 परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न, 97.72% अभ्यर्थी रहे उपस्थित

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सिटी कोऑर्डिनेटर महिपाल सिंह ने बताया कि रविवार को जयपुर शहर में नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। यह परीक्षा जिला कलेक्टर संदेश नायक के निर्देशन एवं सतत् निगरानी में आयोजित की गई। शहर के कुल 106 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा में कुल 36,508 परीक्षार्थियों ने भाग लिया, जबकि 851 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल 97.72 प्रतिशत् परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो परीक्षा के सुचारु संचालन को दर्शाती है। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएँ की गई। जिला कलेक्टर संदेश नायक ने स्वयं चयनित परीक्षा केन्द्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट नरेन्द्र कुमार वर्मा, पुलिस नोडल अधिकारी आलोक शर्मा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही। परीक्षा संचालन के लिए 40 ड्यूटी मजिस्ट्रेट, 6 सिटी कोऑर्डिनेटर तथा बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक कार्मिकों की तैनाती की गई थी, जिन्होंने मिलकर परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराया। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी के विरुद्ध नकल (अनुचित साधनों के प्रयोग) का कोई मामला सामने नहीं आया। सभी केन्द्रों पर परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई। प्रशासन द्वारा किए गए सुदृढ़ प्रबंधन, सतर्क निगरानी एवं सभी संबंधित विभागों के समन्वय के परिणामस्वरूप यह परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक आयोजित हुई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!