झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी बड़ी ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए Common University Entrance Test (CUET-UG) 2026 में स्वयं को शामिल कर लिया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया को राष्ट्रीय स्तर का एक मजबूत मंच प्राप्त हुआ है।
विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश अब CUET के माध्यम से भी किया जा सकता है। CUET, जिसे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित किया जाता है, देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए एक साझा और पारदर्शी प्रणाली प्रदान करता है। इस परीक्षा के माध्यम से छात्र एक ही स्कोर के आधार पर कई विश्वविद्यालयों में आवेदन कर सकते हैं, जिससे उन्हें अलग-अलग प्रवेश परीक्षाओं से राहत मिलती है। सिंघानिया विश्वविद्यालय द्वारा CUET के अंतर्गत B.Sc., B.Tech. सहित विभिन्न स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश प्रदान किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विषय संयोजन एवं पात्रता मानदंड निर्धारित किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को अपने रुचि एवं योग्यता के अनुसार पाठ्यक्रम चुनने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि CUET में शामिल होने से प्रवेश प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, मेरिट आधारित एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनेगी। साथ ही, ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा।