जयपुर: सुशीलपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति मामले को जिला कलक्टर संदेश नायक ने बेहद गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला कलक्टर नायक ने निर्देश दिए कि दूषित पेयजल की समस्या का तत्काल प्रभाव से समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय टीम द्वारा क्षेत्र का समग्र निरीक्षण किया जाए तथा जल आपूर्ति तंत्र में कहीं भी रिसाव या दूषित जल के प्रवेश की संभावना पाए जाने पर उसे प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए, जिससे दूषित पानी की आपूर्ति को पूरी तरह रोका जा सके। उन्होंने पेयजल की नियमित सैम्पलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बैक्टीरियोलॉजिकल मापदंडों के अनुरूप जल गुणवत्ता की सतत जांच की जाए। साथ ही, पेयजल आपूर्ति के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं रासायनिक विशेषज्ञों द्वारा निरंतर निगरानी रखी जाए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया कि वर्तमान में क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर भी लगाए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सुशीलपुरा क्षेत्र में सामने आए उल्टी-दस्त के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिला कलक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्र में घर-घर सर्वे कर मरीजों को मौके पर ही उपचार उपलब्ध कराने, जल स्रोतों की जांच कर नमूनों को परीक्षण हेतु भेजने तथा अतिरिक्त टीमों का गठन कर सर्वे एवं जन-जागरूकता गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि चिकित्सा संस्थानों में मरीजों के लिए विशेष उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए। साथ ही, आमजन से स्वच्छता बनाए रखने एवं किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई।
3/related/default