छेड़छाड़ के आरोप के बीच चले पत्थर, भांजी लाठियां, बनी तनाव की स्थिति

AYUSH ANTIMA
By -
0

बीकानेर: शहर में नयाशहर थाना क्षेत्र स्थित चौखूंटी इलाके में सोमवार देर रात छेड़छाड़ के आरोप को लेकर दो समुदायों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इसके बाद दो समुदायों के बीच पत्थरबाजी होने लगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है, जिसका वीडियो भी सामने आया है। बड़ी संख्या में लोग मोहल्ले से लाठियां लेकर आते और पत्थरबाजी करते नजर आ रहे हैं। दूसरे पक्ष के लोग भी लाठियां लेकर सामने आए, लेकिन टकराव बढ़ते ही पीछे हटते दिखे। कुछ देर तक दोनों पक्ष आमने-सामने रहे और झड़प की स्थिति बनी रही। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही सभी लोग मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस बल मौके पर तुरंत पहुंच गया। हालात को काबू में करने के लिए जगह-जगह पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल रातभर मौके पर मुस्तैद रहा। इस दौरान सीओ सिटी अनुज डाल, नयाशहर थानाधिकारी रोहित चौधरी, कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह, कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और आरएसी के जवान मौके पर मौजूद रहे। थानाधिकारी रोहित चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में लोग नयाशहर थाने पहुंचे। इस संबंध में परिवाद भी दिया गया है, जिसमें आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी मोहल्ले में घुस आए और लाठियों, सरियों तथा पत्थरों से हमला किया।

*पत्थरबाजी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं*

एसएचओ रोहित चौधरी के अनुसार घटना देर रात की है।आरोप है कि मोहल्ले में घुसे लोगों ने पत्थरबाजी की और इसके बाद मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद और अधिक बढ़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित युवकों ने मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए, स्थिति बेकाबू हो गई। कहासुनी के बाद मामला पत्थरबाजी तक पहुंचा गया। दोनों ओर से पत्थर फेंके गए, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह ​है कि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

*सारी रात पुलिस की गश्त जारी रही*

इसके बाद पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई। नयाशहर थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। नयाशहर थानाधिकारी रोहित चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया, सारी रात पुलिस की गश्त जारी रही। फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांत है। उपद्रव करने वाले युवकों की पहचान कर उन्हें पकडऩे के प्रयास किए जा रहे हैं। रात में हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों में आक्रोश था, जिन्हें कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया गया।

*पुलिस और भाजपा नेता आपस में उलझे*

इस सूचना के बाद राजनीतिक रंग भी सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और भाजपा नेता वेद व्यास, विजय उपाध्याय मौके पर पहुंचे। वेद व्यास और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।विहिप और भाजपा नेताओं की उपस्थिति ने माहौल को गरम कर रखा था। जिस वजह से पुलिस ने और अधिक संयम और सर्तकता बरती।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!