बीकानेर: जिले के पलाना-उदयरामसर मार्ग पर भादू पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रोले ने बस को टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। 25 लोगों को पीबीएम के ट्रोमा सेंटर में ले जाया गया। 11 यात्रियों को गंभीर चोटें आई है, जबकि चालक भगवाना राम गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज पीबीएम अस्पताल में जारी है, जबकि कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस जोधपुर से संगरिया की ओर जा रही थी और शाम को जोधपुर से रवाना हुई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों को चोटें आईं और कई लोग दहशत में आ गए। हादसे में बीकानेर की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मोनिका राजपुरोहित और उनकी बहन भी घायल हुई हैं। हालांकि, दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार खडग़ावत और उनकी असहाय सेवा संस्थान की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने राहत कार्य करते हुए घायलों को तुरंत पीबीएम हॉस्पिटल भिजवाने में मदद की।
3/related/default